प्रेमिका ने शादी से मना कर नंबर ब्लॉक किया तो प्रेमी बना 'शोले का वीरू', 120 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक

इटारसी। रविवार को आदिवासी विकासखंड केसला के ग्राम जामुनडोल गांव के निवासी एक प्रेमी युवक ने अपनी प्रेमिका से हुए विवाद के बाद हाईवोल्टेज ड्रामा कर पूरे प्रशासन को हिलाकर रख दिया।

प्रेमी युवक ने लोगों को 1975 के दशक में आई चर्चित फिल्म शोले के किरदार वीरू की याद दिला दी, जिसमें वीरू यानी धर्मेंद्र अपनी प्रेमिका बसंती (हेमा मालिनी) से शादी की जिद में एक पानी की टंकी पर चढ़ गए थे।

केसला थाना प्रभारी मदन पवार के अनुसार रविवार सुबह गांव का युवक कमल पुत्र संतोष धुर्वे प्रेम प्रसंग में प्रेमिका से हुए विवाद में 125 केवी हाईटेंशन लाइन के करीब 120 फीट ऊंचे एनटीपीसी के टॉवर पर चढ़ गया था। ग्रामीणों से मिली सूचना के बाद केसला पुलिस, एनटीपीसी और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब 5 घंटे की मशक्कत और प्रेमिका से बातचीत कराने के बाद टीम ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। पांच घंटे चले इस घटनाक्रम की वजह से मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी।

नंबर ब्लॉक करने से था नाराज, शादी की जिद में उठाया कदम

बताया गया है कि गांव की एक युवती से युवक का प्रेम प्रसंग था। प्रेमिका ने कमल का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था। युवक और युवती के बीच पुराना प्रेम संबंध है। युवक युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती का कहना था कि वह पहले घर आकर उसके माता-पिता से रिश्ते की बात करे। युवक माता-पिता की सहमति के बिना शादी करने की जिद पर अड़ा था, इसे लेकर दोनों में विवाद हो गया। नंबर ब्लॉक होने से नाराज युवक ने गांव के पास लगे हाइटेंशन लाइन के करीब 120 फीट ऊंचे टॉवर पर आत्महत्या करने की नीयत से चढ़ने का कदम उठा लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही संयुक्त टीम ने उसे उतारने की कोशिश की। पवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का पता चला है। युवक युवती से शादी करना चाहता था, जबकि युवती का कहना था कि उसके माता-पिता के घर आकर युवक के स्वजन शादी की बात रखें। राज्य आपदा मोचन दल (एसडीआरएफ) की प्लाटून कमांडेंट अमृता दीक्षित ने बताया कि बिजली लाइन में सप्लाई चालू थी। 125 केवी की लाइन होने से टॉवर पर चढ़ना खतरनाक हो सकता था, इससे युवक को करंट लगने का डर था।

एसडीईआरएफ और पुलिस का रेस्क्यू, प्रेमिका की कॉल पर नीचे उतरा प्रेमी

टीम लगातार बातचीत और समझाइश से युवक को नीचे उतारने की कोशिश करती रही, बाद में प्रेमिका को मौके पर बुलाकर युवक से मोबाइल पर बात कराई गई। प्रेमिका ने उसे समझाया कि वह नीचे उतर आए, इसके बाद बातचीत करेंगे। इसके बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। पहले युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं था। टीम ने उसे बार-बार समझाइश दी, प्रेमिका से मोबाइल कॉल पर बात करने के बाद वह उतरने के लिए राजी हुआ।

सुरक्षा के लिए नीचे एक टीम हरी जाली लेकर खड़ी रही, उसके बाद एक जवान को ऊपर भेजा गया और युवक को रस्सी से बांधकर सुरक्षित नीचे लाया गया। युवक को सकुशल उतारने के बाद पुलिस ने उसे इलाज के लिए सुखतवा स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पुलिस ने युवक की हालत को देखते हुए दोनों पक्षों को बातचीत करने एवं युवक पर नजर रखने को कहा है।

Post a Comment

0 Comments