मक्सी। गुजरात के अहमदाबाद से उत्तर प्रदेश के देवरिया लौट रहे एक मजदूर की ट्रेन यात्रा के दौरान अचानक मौत हो गई। गुरुवार शाम ट्रेन को मक्सी रेलवे स्टेशन पर रोककर मृतक का शव उतारा गया। मृतक की पहचान नागेन्द्र पिता सुलभ, निवासी जिला देवरिया (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार नागेन्द्र अहमदाबाद में मजदूरी करते थे और अपने परिवार के साथ अहमदाबाद से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन में सवार होकर घर लौट रहे थे। सफर के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और ट्रेन में ही उनकी मौत हो गई। उनके साथ उनके साले कुबेर पिता बसंत प्रसाद सहित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।
बताया गया कि उज्जैन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में भारी भीड़ होने के कारण नागेन्द्र की हालत का तत्काल पता नहीं चल सका। बाद में सीट पर बैठने के लिए एक यात्री ने उन्हें उठाने का प्रयास किया, तब परिजनों को उनकी मौत की जानकारी हुई। भीड़ अधिक होने के कारण शव को उज्जैन स्टेशन पर नहीं उतारा जा सका, जिसके बाद मक्सी रेलवे स्टेशन पर शव उतारा गया।
परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने की इच्छा जताई है। रेलवे जीआरपी पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। अब सबसे बड़ी चुनौती शव को देवरिया स्थित पैतृक गांव तक पहुंचाने की है।
परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है। शव को उत्तर प्रदेश ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था में करीब 28 हजार रुपये का खर्च बताया गया है। इतनी बड़ी राशि जुटाना परिवार के लिए मुश्किल है। ऐसे में परिजन आर्थिक मदद की उम्मीद लगाए हुए हैं और स्थानीय स्तर पर भी मानवीय आधार पर सहयोग जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
एक मजदूर की अचानक मौत के बाद परिवार के सामने अपनों को अंतिम विदाई देने के लिए शव घर तक पहुंचाने की चुनौती खड़ी हो गई है। अब जरूरत है कि मानवीय संवेदना के साथ परिवार की मदद के लिए लोग आगे आएं, ताकि नागेन्द्र का शव सम्मानपूर्वक उनके पैतृक गांव पहुंच सके।
रिपोर्ट मनोज जोशी


0 Comments