BREAKING NEWS
Latest News Loading...
मालवा न्यूज़ 24X7

उज्जैन के तराना में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, 11 बसों में तोड़फोड़, भारी पुलिस बल तैनात

उज्जैन जिले के तराना में गुरुवार की रात हिंसक झड़क हो गई।इस दौरान दो समुदायों के बीच हुए विवाद में जमकर पथराव हुआ। उपद्रवियों ने बस स्टैंड पर खड़ी 11 बसों में तोड़फोड़ कर दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस प्रशासन को बड़ी संख्या में बल तैनात करना पड़ा।

दरअसल, उज्जैन के तराना कस्बे में गुरुवार शाम करीब 7.30 बजे मदारबढ़ क्षेत्र में विश्व हिंदू परिषद के एक प्रचारक और उसके एक साथी के साथ कुछ मुस्लिम युवकों ने मारपीट कर दी। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल तराना अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत को देखते हुए उज्जैन रेफर कर दिया गया।

मारपीट की सूचना फैलते ही हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में इकट्‌ठा हो गए और तराना थाने का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने बस स्टैंड क्षेत्र में जमकर उत्पात मचाया। दस से ज्यादा बसों व अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की गई है। कुछ दुकानों में तोड़फोड़ की गई है। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोग सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ।

प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति के और बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया और इलाके में गश्त बढ़ा दी। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया है लेकिन तनाव बरकरार है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम को कुछ उपद्रवियों ने बस स्टैंड पर खड़ी बसों पर पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे 11 बसें क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता ने बताया कि वीएचपी के प्रचारक सोहेल ठाकुर और उनके साथी रजत ठाकुर के साथ हुई मारपीट के बाद ही पूरे इलाके में तनाव फैल गया।

मामले में एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि तराना के सोहेल ठाकुर के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। इसके बाद 6 लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया है फिलहाल, क्षेत्र में शांति है। उज्जैन, माकड़ौन सहित अन्य जगह से तराना में पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बनी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post