शाजापुर : अवैध कॉलोनियों की अव्यवस्थाओं पर भाजपा विधायक अरुण भीमावद का गुस्सा फूटा, अधिकारियों को लगाई फटकार


शाजापुर नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 25 स्थित द्वारकापुरी कॉलोनी में बिजली व्यवस्था और अवैध कॉलोनियों की शिकायत पर भाजपा विधायक अरुण भीमावद मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे लगे बिजली मीटर और लटकते केबलों का जाल देखकर उन्होंने अधिकारियों पर नाराजगी जताई और तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

शुक्रवार को द्वारकापुरी कॉलोनी पहुंचे विधायक अरुण भीमावद ने विद्युत मंडल, नगर पालिका और संबंधित विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई। कॉलोनीवासियों ने बताया कि वर्षों से क्षेत्र में अस्थायी बिजली कनेक्शन हैं और कई जगह एक ही स्थान पर बड़ी संख्या में बिजली मीटर लगाए गए हैं, जिससे अव्यवस्था बनी हुई है। सड़क किनारे लगे मीटरों से निकलने वाले केबल पूरे क्षेत्र में बेतरतीब फैले हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।
रहवासियों ने यह भी बताया कि हाल ही में आई तेज आंधी के दौरान बिजली के तार और केबल नीचे गिर गए थे, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों से कहा, "अवैध कॉलोनी तुम्हारे क्षेत्र में कटी, आज तक किसी को नोटिस दिया? मेरे सामने आकर फालतू बातें मत करो। जितना भी अवैध काम है, सब बंद कराओ।"
विधायक ने एसडीएम से अवैध कॉलोनियों पर जारी नोटिसों की जानकारी भी मांगी और कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो कलेक्टर को मौके पर बुलाया जाएगा। वहीं, सीएमओ द्वारा कार्रवाई की आवश्यकता नहीं बताए जाने पर विधायक ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा, "10 साल हो गए हैं, अब भी जरूरत नहीं है?"
मामले के बाद संबंधित विभागों को बिजली व्यवस्था सुधारने और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

रिपोर्ट मनोज जोशी 

Post a Comment

0 Comments

Malwa News 24