अल्लू अर्जुन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है। उन्होंने X पर पोस्ट शेयर कर 'पुष्पा 2 द रूल' की स्क्रीनिंग के दौरान हैदराबाद के संध्या थिएटर में हुई महिला की मौत पर दुख जताया है।
जश्न मनाने का मन नहीं कर रहा - अल्लू अर्जुन
अल्लू अर्जुन ने वीडियो में कहा, "पिछले 20 सालों में जब भी मेरी कोई फिल्म रिलीज हुई है मैं उसके लिए थिएटर गया हूं; ऐसा कुछ कभी नहीं हुआ। हम बहुत निराश हैं। हममें से किसी को भी जश्न मनाने का मन नहीं कर रहा। हम फिल्में इसलिए बनाते हैं ताकि लोग थिएटर में फिल्म का आनंद ले सकें। जब हमें पता चला कि ऐसा कुछ हो गया है तब हमें बहुत दुख हुआ...मैं इस दुख को शब्दों में बयां नहीं कर सकता।"
25 लाख की मदद
अल्लू अर्जुन ने आगे कहा, "हम कुछ भी कर लें, लेकिन परिवार का जो नुकसान हुआ है उसकी भरपाई नहीं कर पाएंगे। लेकिन हम आपके साथ खड़े हैं, इस बात का आपको एहसास कराने के लिए मैं मेरी तरफ से आपको 25 लाख रुपये का दान देना चाहता हूं। हम बच्चे के मेडिकल खर्च को भी कवर करेंगे; हम समझते हैं कि परिवार इस वक्त मुश्किल में है।"
व्यक्तिगत रूप से परिवार से मिलूंगा- अल्लू अर्जुन
अल्लू अर्जुन ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, "संध्या थिएटर में हुई दुखद घटना से मैं बहुत दुखी हूं। इस कठिन समय में मैं मृतक परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं उन्हें आश्वस्त करना चाहता हूं कि वे इस दर्द में अकेले नहीं हैं और मैं व्यक्तिगत रूप से परिवार से मिलूंगा। मैं इस चुनौतीपूर्ण यात्रा से गुजरने में उनकी हर संभव सहायता करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।"
यहां देखिए अल्लू अर्जुन का पोस्ट
अल्लू अर्जुन के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज
महिला की मौत के मामले में अल्लू अर्जुन, उनकी सिक्योरिटी एजेंसी और संध्या थिएटर के खिलाफ गैर-इरादतन का केस दर्ज किया गया है। इस पूरे मामले में अल्लू अर्जुन को जिम्मेदार ठहराया गया है। एक्टर के साथ-साथ उनकी सिक्योरिटी एजेंसी और संध्या थिएटर के खिलाफ IPC की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) और 118(1) (जानबूझकर चोट पहुंचाना) के तहत केस दर्ज किया गया है। यह केस चिक्काडपल्ली पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया।

Post a Comment