Top News

एमपी में दल बदल, बीजेपी के बड़े चेहरे कांग्रेस का थामेंगे हाथ, पीसीसी में कल होगा सदस्यता कार्यक्रम


भोपाल
मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले दल बदल का सिलसिला तेज हो गया है. बीजेपी के कई बड़े चेहरे दल बदल कर कांग्रेस और आप पार्टी का दामन थाम रहे हैं. बालाघाट के पूर्व सांसद बोध सिंह भगत ने भी बीजेपी छोड़ दी.उनके कांग्रेस में आने की चर्चा है. इसी के साथ कुछ और नामों की चर्चा है जो दलबदल कर इधर से उधर होने वाले हैं.

खबर है कि बालाघाट के पूर्व सांसद बोध सिंह भगत 20 सितंबर को पीसीसी में कमलनाथ की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता लेने वाले हैं. भगत के अलावा बीजेपी के कई दूसरे चेहरे भी कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं. खबर इस बात को लेकर है कि बुधनी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता राजेश पटेल कल कांग्रेस की सदस्यता लेंगे. इसके अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक इंदौर के भाजपा नेता प्रमोद टंडन ने भी बीजेपी छोड़ दी है. इंदौर के भाजपा नेता दिनेश मल्हार भी पार्टी छोड़ चुके हैं. उनके भी कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें हैं.

ममता मीणा आप में जाएंगी

भाजपा की पूर्व विधायक ममता मीणा टिकट कटने से नाराज हैं. ममता मीणा के शाम को बीजेपी दफ्तर पहुंचकर इस्तीफा देने की खबर है. ममता 20 सितंबर को दिल्ली में आप पार्टी की सदस्यता लेंगी. चाचौड़ा विधानसभा से ममता आप की उम्मीदवार हो सकती हैं.

कांग्रेस में आने वालों की कतार

पीसीसी दफ्तर में 20 सितंबर को 11:00 बजे सदस्यता कार्यक्रम रखा गया है. इसमें कमलनाथ, प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला की मौजूदगी में बीजेपी के नाराज नेता कांग्रेस की सदस्यता लेंगे. बीजेपी के पूर्व सांसद बोध सिंह भगत के कटंगी विधानसभा चुनाव से लड़ने की खबर है. भाजपा से टिकट नहीं मिलने के संकेत के बाद बोध सिंह भगत ने बागी तेवर दिखाते हुए कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की है. इससे पहले भी बीजेपी के कई बड़े चेहरे कांग्रेस का दामन थाम चुके हैं. जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी, पूर्व विधायक भंवर सिंह शेखावत, गिरिजा शंकर शर्मा और वीरेंद्र रघुवंशी शामिल हैं.

कांग्रेस बोलिए आगे आगे देखिए होता है क्या

पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा ये तो दल बदलने की शुरुआत है. चुनाव आते-आते बीजेपी में सिर्फ मंत्री रह जाएंगे. बाकी भाजपाई कांग्रेस में शामिल हो जाएंगे. वहीं बालाघाट के पूर्व सांसद बोध सिंह के कांग्रेस में शामिल होने की खबरों पर प्रदेश के मंत्री गौरीशंकर बिसेन ने कहा बोध सिंह भगत इस बात के लिए स्वतंत्र कि वह कहां जाना चाहते हैं. लेकिन उनके जाने से पार्टी पर कोई असर नहीं होगा महाकौशल में इस बार बीजेपी को बंपर जीत मिलेगी.

अ. भा. गोंडवाना पार्टी की मोनिका बीजेपी में शामिल

अखिल भारतीय गोंडवाना पार्टी की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मोनिका मनमोहन शाह बट्टी आज बीजेपी में शामिल हो गयीं. सीएम शिवराज की मौजूदगी में मोनिका ने बीजेपी की सदस्यता ली. कुल मिलाकर विधानसभा चुनाव से पहले दल बदलने का सिलसिला तेज है. चुनाव के करीब आते आते कई और चेहरे इधर से उधर जाते हुए नजर आएंगे.

Post a Comment

Previous Post Next Post
मालवा न्यूज़ 24X7