Top News

बालाघाट : मलाजखंड नगर पालिका सीएमओ को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया



बालाघाट लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने गुरुवार को नगर पालिका मलाजखंड के मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिव प्रसाद धुर्वे (40) को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ा है।

दस सदस्यीय टीम ने आरोपित सीएमओ को कलेक्ट्रेट कार्यालय के मुख्य द्वार से उस समय धरदबोचा जब वह पीड़ित से दो लाख रुपये ले रहा था।

उप पुलिस अधीक्षक दिलीप झरवड़े ने बताया कि बालाघाट के वार्ड क्रमांक-चार में रहने वाले सुशील सिंह चंदेल उम्र-50 ने अगस्त माह में लोकायुक्त में मलाजखंड नगर पालिका सीएमओ के खिलाफ शिकायत की थी।

फरियादी के अनुसार, वर्ष 2018 से 2022 तक उन्होंने नगर पालिका से घर-घर जाकर कचरा उठवाने का ठेका लिया था, जिसका नगर पालिका को 39 लाख 9 हजार 906 रुपये भुगतान करना था, लेकिन इस बिल के भुगतान के एवज में सीएमओ शिव प्रसाद धुर्वे द्वारा दो लाख रुपये की मांग की जा रही थी।

गुरुवार को जब फरियादी ने रिश्वत की रकम देने के बुलाया, तभी लोकायुक्त की टीम ने उसे पकड़ लिया। लोकायुक्त टीम की इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक दिलीप झरवड़े के साथ निरीक्षक स्वप्निल दास, निरीक्षक मंजू तिर्की सहित अन्य मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
मालवा न्यूज़ 24X7