ओंकारेश्वर को जिला बनाने की मांग फिर शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ओंकारेश्वर दौरे को देखते हुए जिला बनाओ समिति ने प्रयास तेज कर दिए है।रविवार को मांधाता विधायक नारायण पटेल से मूंदी में मुलाकात कर प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें पत्र सौंपा। इस पर विधायक पटेल ने अपना पूर्ण समर्थन देते हुए मुख्यमंत्री से चर्चा का आश्वासन दिया है। खंडवा और खरगोन की तहसील और ब्लाक को मिलाकर ओंकारेश्वर को जिला बनाने की मांग लंबे समय से हो रही है।
खंडवा और खरगोन काफी दूर हैं
इसमें पुनासा, बड़वाह, सनावद, महेश्वर, मंडलेश्वर, करही, बागोद, बलवाड़ा, काटकूट आदि क्षेत्र को शामिल करने का प्रस्ताव है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इन क्षेत्र के लोगों के लिए खंडवा और खरगोन जिला मुख्यालय काफी दूर है। आवाजाही में समय लगने के साथ ही परेशानी होती है। ओंकारेश्वर के नाम से प्रदेश का 56वां जिला बनाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर यह सौगात लोगों को दी जा सकती है।
विधायक ने दिया पूरा समर्थन
बड़वाह-सनावद के जिला बनाओ समिति के प्रतिनिधि मंडल द्वारा मांधाता के विधायक नारायण पटेल से उनके विधायक निवास मूंदी पर मोदी की मन की बात के पहले उनसे भेंट की। ओंकारेश्वर को जिला बनाए जाने के संबंध में पूरी योजना की जानकारी से अवगत कराया। मांधाता विधायक नारायण पटेल द्वारा समिति के प्रतिनिधिमंडल को ओंकारेश्वर के नाम से जिला बनाए जाने के संबंध में अपना पूर्ण समर्थन दिया।
नारायण पटेल ने कहा कि मैं सीएम शिवराज सिंह चौहान से ओंकारेश्वर को अन्य क्षेत्र से मिलकर जिला बनाए जाने की मांग करूंगा। समिति के सदस्य द्वारा विधायक कार्यालय पर उपस्थित अन्य क्षेत्र से पहुंचे हुए लोगों को भी ओंकारेश्वर को जिला बनाए जाने के संबंध में पर्चा वितरित किया गया। मुख्यमंत्री को इस संबंध में लिखा जा रहे पत्र भरवाकर उनसे हस्ताक्षर लिए गए। उनका मोबाइल नंबर अंकित किया।
ओंकारेश्वर को जिला बनाए जाने से होगा क्षेत्र का विकास
मौके पर आसपास से आए ग्रामीण लोगों और गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा भी ओंकारेश्वर के नाम जिला बनाए जाने और क्षेत्र के विकास के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए तथा पूर्ण समर्थन व्यक्त किया। ओंकारेश्वर को जिला बनाए जाने से क्षेत्र का वह विकास हो सकेगा। जो वर्षों से अपेक्षित है। जिला बनाओ समिति के सदस्यों के रूप में कमल भंडारी, जाकिर हुसैन अमी, सुनीलसिंह बैस, मनप्रीत सिंह भाटिया, मुजफ्फर हुसैन अगवान, अरुण पंवार, जितेंद्र सेन द्वारा क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी और गणमान्यजन उपस्थित थे।

Post a Comment