राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 17 सितंबर को मध्यप्रदेश के दौरे पर रहेंगे। वे दिल्ली से सीधे इंदौर पहुंचेंगे और सुपर कॉरिडोर स्थित मैदान में आयोजित स्वामित्व योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।कार्यक्रम में वे योजना के कुछ लाभार्थियों को सांकेतिक रूप से सर्टिफिकेट प्रदान करेंगे। इसके बाद उनका संबोधन होगा। इंदौर में नवीन के करीब सवा घंटे से अधिक समय रुकने की संभावना है।
कार्यक्रम का स्वरूप सरकारी होने के कारण पुलिस और प्रशासन के सामने सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन की बड़ी जिम्मेदारी रहेगी। वीआईपी मूवमेंट, पार्किंग, प्रवेश-निकासी और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। वहीं भाजपा संगठन भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और लाभार्थियों को कार्यक्रम स्थल तक लाने की तैयारी में जुटा है।
50 हजार से ज्यादा लोगों के जुटने की संभावना, 1800 से ज्यादा बसों की व्यवस्था
भाजपा नेताओं के मुताबिक, कार्यक्रम के लिए सुपर कॉरिडोर का मैदान चुनने के पीछे दो प्रमुख कारण हैं। पहला, एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल की दूरी कम होने के कारण नवीन का वहां पहुंचना आसान रहेगा। कार्यक्रम के बाद सड़क मार्ग से उनके काफिले की आवाजाही भी सुगम रहेगी।
दूसरा कारण मैदान का बड़ा आकार है। कार्यक्रम में 50 हजार से ज्यादा लोगों के जुटने की संभावना है। ऐसे में कार्यकर्ताओं और लाभार्थियों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था मैदान में की जा सकती है। लोगों को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए 1800 से ज्यादा बसों की व्यवस्था की जा रही है।
लाभार्थियों को सर्टिफिकेट देंगे, फिर करेंगे संबोधित
स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण आबादी क्षेत्र की जमीन पर लोगों को मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को गति देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। नवीन मंच से कुछ लाभार्थियों को सांकेतिक रूप से सर्टिफिकेट प्रदान करेंगे।
इसके बाद वे कार्यक्रम में मौजूद लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। आयोजन को लेकर मंच, बैठक व्यवस्था, प्रवेश-निकासी और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां की जा रही हैं।
इंदौर के बाद नीमच और उज्जैन जाएंगे नवीन
नितिन नवीन 17 सितंबर को इंदौर के अलावा नीमच और उज्जैन भी जाएंगे। नीमच के गांधी सागर अभयारण्य में चीतों को छोड़े जाने से जुड़े कार्यक्रम में उनके शामिल होने की संभावना है।
इसके बाद वे उज्जैन में सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रस्तावित दीपोत्सव में शामिल होंगे। उज्जैन में क्षिप्रा के घाटों और महाकाल लोक क्षेत्र में करीब 25 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने की तैयारी है। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर किया जा रहा है।

Post a Comment