NEET Re-Exam: हाथों में हथकड़ी पहन नीट का पेपर देने पहुंचा छात्र कौन, किस जुर्म में है जेल में बंद?

देशभर में रविवार को NEET UG री-एग्जाम कराया गया, लेकिन बिहार के सीतामढ़ी में एक ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने सभी को हैरान कर दिया। एक युवक हाथ में हथकड़ी लगाए और पुलिस की कड़ी निगरानी में परीक्षा केंद्र पहुंचा।
सेंटर पर मौजूद छात्र और अभिभावक उसे देखकर चौंक गए। बाद में पता चला कि यह युवक सीतामढ़ी जेल में बंद एक कैदी है, जिसे कोर्ट की अनुमति के बाद NEET परीक्षा देने लाया गया था। आइए जानते हैं आखिर यह युवक कौन है और किस मामले में जेल में बंद है।

कौन है हथकड़ी लगाकर NEET देने पहुंचा युवक?

परीक्षा देने पहुंचे युवक की पहचान अफजद अली के रूप में हुई है। वह सीतामढ़ी जिले के कन्हौली बगहा इलाके का रहने वाला है। अफजद ने पहले से ही NEET परीक्षा के लिए आवेदन किया था और उसका एग्जाम सेंटर डुमरा स्थित कमला गर्ल्स स्कूल में बनाया गया था। जब वह पुलिस की निगरानी में सेंटर पहुंचा तो वहां मौजूद लोगों की नजरें उसी पर टिक गईं। हालांकि सभी जरूरी जांच और प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति दे दी गई।

जानकारी के मुताबिक अफजद अली फिलहाल सीतामढ़ी मंडल कारा में बंद है। उस पर मारपीट से जुड़े एक मामले में कार्रवाई हुई थी, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया। मामला अदालत में विचाराधीन है। जेल में रहते हुए भी उसने अपनी पढ़ाई जारी रखी और डॉक्टर बनने के सपने को जिंदा रखा। इसी वजह से उसने NEET परीक्षा के लिए आवेदन किया था। कोर्ट ने उसके शिक्षा के अधिकार को ध्यान में रखते हुए परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी।

Bihar Prisoner Gives NEET Exam: कोर्ट के आदेश पर पहुंचा परीक्षा केंद्र

अफजद को परीक्षा देने के लिए विशेष अनुमति दी गई थी। सीतामढ़ी न्यायालय के आदेश के बाद प्रशासन ने पूरी सुरक्षा व्यवस्था की। पुलिस टीम उसे जेल से सीधे परीक्षा केंद्र लेकर पहुंची। सेंटर पर उसकी पहचान और सुरक्षा जांच की गई। इसके बाद उसे अन्य छात्रों की तरह परीक्षा हॉल में बैठाया गया। परीक्षा खत्म होने के बाद उसे दोबारा पुलिस सुरक्षा में जेल वापस ले जाया गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त रखी गई।
सेंटर पर कैदी को देखकर लोग रह गए हैरान

जब हथकड़ी लगाए अफजद परीक्षा केंद्र पहुंचा तो वहां मौजूद छात्रों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई। कई लोगों के लिए यह पहला मौका था जब उन्होंने किसी कैदी को इस तरह प्रतियोगी परीक्षा देते देखा। हालांकि अधिकारियों ने साफ कहा कि अदालत के आदेश का पालन किया गया है और हर व्यक्ति को शिक्षा पाने तथा परीक्षा देने का अधिकार है। इसी वजह से सभी नियमों का पालन करते हुए उसे परीक्षा में शामिल कराया गया।

देशभर में कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ NEET री-एग्जाम

NEET री-एग्जाम को लेकर पूरे देश में हाई अलर्ट रखा गया था। परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवारों की सख्त जांच की गई। कई जगह टॉर्च से कान चेक किए गए, जबकि कुछ केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय भी अपनाए गए। यूपी, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब समेत कई राज्यों में CRPF, ITBP और BSF के जवान तैनात किए गए थे। वहीं राजस्थान के दौसा और हरियाणा के गुरुग्राम में परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू कर कोचिंग सेंटर और फोटोकॉपी की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद रखा गया।

Post a Comment

0 Comments

Malwa News 24