BREAKING NEWS
Latest News Loading...
मालवा न्यूज़ 24X7

ओंकारेश्वर में गणपति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, पिकअप पलटने से 15 श्रद्धालु गंभीर घायल


खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के धार्मिक नगरी ओंकारेश्वर में शुक्रवार दोपहर गणपति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई महिलाओं, बच्चों और युवकों को भी चोटें आईं।

गांव से पहुंचे थे गणेश भक्त
जानकारी के अनुसार खरगोन जिले की भीकनगांव तहसील के ग्राम मनोहरपुर और आसपास के ग्रामीण गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए ओंकारेश्वर आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप में 30 से 40 श्रद्धालु सवार थे।

चढ़ाई पर बिगड़ा संतुलन
हादसा हवाई घाट के पास उस वक्त हुआ जब पिकअप खड़ी चढ़ाई से उतर रही थी। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और गाड़ी पलट गई। गनीमत रही कि वाहन खाई में नहीं गिरा, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी।

घायल श्रद्धालुओं में चीख-पुकार
वाहन पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। महिलाओं और बच्चों की चीखें सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायलों को बाहर निकालने में जुट गए। कई श्रद्धालुओं के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।

प्रशासन और सामाजिक संगठनों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार उदय मंडलोई, मंदिर ट्रस्ट कर्मचारी, विश्व हिंदू परिषद के महेश राठौर और सामाजिक कार्यकर्ता नीरज वर्मा मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल ओंकारेश्वर लाया गया, जहां डॉ. रवि वर्मा ने प्राथमिक उपचार किया। बाद में तीन एंबुलेंस से सभी गंभीर घायलों को खंडवा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post