मध्‍य प्रदेश में चौंकाने वाली वारदात: दुकान मालिक, नौकर को सम्‍मोहित करके गल्‍ले से निकाले 15 हजार रुपए

मध्य प्रदेश से एक अनोखी और चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। यहां दो चोरों ने सम्मोहन विद्या का उपयोग करते हुए एक दुकानदार व उसके नौकर को वश में किया और फिर दुकान से अच्छे खासे पैसे चोरी कर लिए।

कोलारस थानातर्गत लुकवासा में एक किराना की दुकान पर आए दो युवक किराना व्यवसायी को सम्मोहित कर उसके गल्ले में से 15 हजार रुपये लेकर रफूचक्कर हो गए। पूरी घटना गल्ला व्यापारी के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

यह है पूरा घटनाक्रम

जानकारी के अनुसार लुकवासा निवासी किराना व्यवसायी राहुल गुप्ता व दुकान का कर्मचारी रविन्द्र कुशवाह दोपहर करीब तीन बजे अपनी दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान उनकी दुकान पर दो युवक आए। दोनों ही युवक देखने में पढ़े लिखे तथा बाहर के लोग लग रहे थे। दोनों ने अंग्रेजी बोलते हुए राहुल से कुछ सामान मांगा। इस दौरान एक युवक राहुल से बात करता रहा जबकि दूसरा उसके नौकर रविन्द्र से। दोनों ने बातों ही बातों में दुकान मालिक सहित उसके नौकर को सम्मोहित कर लिया। एक युवक ने इसी क्रम में राहुल को डालर देते हुए पेमेंट किया तो राहुल ने उसे कहा कि यह मुद्रा यहां नहीं चलती है। इसके बाद युवक ने उसे सौ का नोट निकाल कर दिया। राहुल ने अपने 60 रुपये काट कर उसे 40 रुपये वापिस करने के लिए गल्ला खोला तो उक्त युवक उससे जैसा कहता गया राहुल करता गया।

होश आया तो पता चला लुट गए 

इस दौरान युवक ने राहुल के गल्ले में हाथ डालकर नोट उठाए, वापिस रखे, पर्स रखा। राहुल सब कुछ मूकदर्शक बना देखता रहा। इसी दौरान युवक पर्स के नीचे करीब 15 हजार रुपये दबा कर अपने साथ ले गया। वहीं दूसरे युवक ने रविंद्र कुशवाह की जेब में रखे 200 रुपये निकाल लिए। इसके बाद दोनों युवक वापिस चले गए। करीब 15 मिनट बाद राहुल और रविन्द्र की तंद्रा टूटी तो उन्हें इस बात का अहसास हुआ कि उनके साथ ठगी करते हुए युवक गल्ले में से पैसा चुराकर ले गए। राहुल ने दुकान के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो सीसीटीवी कैमरे में युवक की पूरी करतूत कैद हो गई कि उसने किस तरह से सम्मोहन का यह काला खेल खेला। पुलिस को मामले की शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन पुलिस सिर्फ आवेदन तक ही सिमट कर रह गई है।


कुछ दिन पहले दो बाबा भी पकड़े, पुलिस ने छोड़ दिए


यहां बताना होगा कि लुकवासा में ही कुछ दिन पहले लुकवासा स्वास्थ्य केंद्र पर एक अघोरी बाबा ने एक एम्बूलेंस के चालक को पानी देकर सम्मोहित कर उसकी जेब से सौ रुपये की ठगी कर ली थी। इसके बाद एम्बूलेंस चालक को उल्टियां हुईं, इस बाबा का एक अन्य साथी कस्बे में ठगी करते हुए पकड़ा गया था। मामले की शिकायत पुलिस को दर्ज कराई गई थी लेकिन पुलिस ने दोनों बाबाओं को भगा दिया था।

Post a Comment

0 Comments

Malwa News 24