BREAKING NEWS
Latest News Loading...
मालवा न्यूज़ 24X7

मक्सी के ग्राम झौंकर में महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


शाजापुर जिले के मक्सी थाना क्षेत्र के ग्राम झौंकर में गुरुवार सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतका की पहचान शबीना बी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से देवास जिले के नेवरी की रहने वाली थीं। करीब 18 साल पहले उनकी शादी झौंकर निवासी कलीम खान से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही शबीना के साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी।
परिजनों के मुताबिक, महिला का शव घर की छत पर मिला, जबकि घर में चूड़ियां टूटी और बिखरी हुई थीं, जिससे घटना संदिग्ध लग रही है। मृतका के भाई मोहम्मद शादाब खान ने आरोप लगाया कि उनकी बहन की फांसी लगाकर हत्या की गई है।

मामले में एक सुसाइड नोट भी सामने आया है, जिसे मृतका के पति ने पुलिस को सौंपा है। हालांकि, परिजनों का कहना है कि नोट में लिखी गई लिखावट शबीना की नहीं है और यह फर्जी हो सकता है।
भाइयों ने यह भी बताया कि शबीना पहले भी पति की प्रताड़ना को लेकर शिकायत दर्ज करा चुकी थी, लेकिन बाद में समझौते के बाद वह फिर ससुराल में रहने लगी थी।

जानकारी के अनुसार, शबीना बी सिलाई का काम करती थीं और बच्चों को कोचिंग पढ़ाकर परिवार का पालन-पोषण करती थीं, जबकि पति कोई स्थायी काम नहीं करता था।

मक्सी थाना प्रभारी संजय वर्मा ने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शाजापुर जिला अस्पताल भेजा गया है। साथ ही एक सुसाइड नोट भी मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post