BREAKING NEWS
Latest News Loading...
मालवा न्यूज़ 24X7

मक्सी : प्रशासन की लचीली कार्यप्रणाली को लेकर जनता में रोष

देश में पानी, सीवेज और कचरा प्रबंधन की कमजोर व्यवस्था अब सीधे तौर पर जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर संकट बनती जा रही है। नीति-नियमों और जमीनी हकीकत के बीच की बढ़ती दूरी हजारों लोगों के जीवन की गुणवत्ता को प्रभावित कर रही है। ऐसी ही चिंताजनक स्थिति मक्सी नगर में पिछले कई वर्षों से बनी हुई है।

मक्सी में फैक्ट्रियों से निकलने वाला केमिकल युक्त गंदा पानी लगातार उन नालों में बह रहा है, जिनके आसपास घनी आबादी वाला रहवासी क्षेत्र है। इन इलाकों में रहने वाले लोग नालों से उठने वाली बदबू के कारण अक्सर बीमार रहते हैं। कई स्थानों पर तो ट्यूबवेल में भी यही दूषित पानी आने लगा है, जिससे गंभीर बीमारियों की आशंका लगातार बढ़ती जा रही है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, इस समस्या को लेकर जनता द्वारा कई बार संबंधित अधिकारियों को लिखित आवेदन दिए गए। पूर्व कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा मौके पर जांच भी की गई थी, लेकिन उस जांच रिपोर्ट का क्या हुआ, इसकी जानकारी आज दिनांक तक सामने नहीं आई है।

इसी क्षेत्र से नगर के मुख्य मार्ग गुजरते हैं, जहां से हजारों लोगों का रोजाना आवागमन बना रहता है। कई बार विधायक और मंत्रियों तक भी इस नाले की समस्या को लेकर गुहार लगाई गई, लेकिन वहां से भी वही जवाब मिला जो इंदौरवासियों को मिला था। कागजी घोषणाओं और वास्तविक स्थिति के बीच का अंतर साफ दिखाई देता है।

स्वच्छता मिशन, सीवेज ट्रीटमेंट और ड्रेनेज सुधार जैसी योजनाएं जरूर चलाई जा रही हैं, लेकिन कई शहरों और कस्बों में आज भी सीवेज खुले में बह रहा है। फंडिंग, मॉनिटरिंग और जवाबदेही की कमी के कारण अनेक योजनाएं केवल कागजों तक ही सीमित रह जाती हैं। इससे नागरिकों के मन में प्रशासनिक दक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मक्सी औद्योगिक क्षेत्र की स्थिति और भी भयावह है। यहां कई फैक्ट्रियों पर आज तक न तो नाम, न पंजीकरण नंबर और न ही संपर्क विवरण दर्शाने वाले बोर्ड लगाए गए हैं। यह तक स्पष्ट नहीं है कि इन फैक्ट्रियों में क्या निर्माण होता है, जिसके कारण इतना जहरीला और बदबूदार केमिकल युक्त पानी बाहर निकल रहा है। इसकी दुर्गंध से नगरवासी बुरी तरह परेशान हो चुके हैं।

अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक ध्यान देता है, या फिर इंदौर जैसे हालात पैदा होने का इंतजार किया जा रहा है।


मक्सी - रिपोर्ट मनोज जोशी 

Post a Comment

Previous Post Next Post