पटना। सावन का महीना खत्म होते ही बिहार में नॉनवेज प्रेमियों की खुशी देखने लायक रही। धार्मिक मान्यताओं के चलते पूरे महीने मांसाहार से दूरी बनाने वाले लोगों ने रविवार को जमकर मटन और चिकन खरीदा। नतीजा यह हुआ कि राज्यभर के बाजारों में सुबह से ही लंबी कतारें लग गईं और सिर्फ एक दिन में करीब 130 करोड़ रुपए का कारोबार हो गया।
पटना में मटन की रिकॉर्ड बिक्री
राजधानी पटना में मटन की बिक्री ने इस बार नया रिकॉर्ड बनाया। एक स्थानीय व्यापारी के मुताबिक, रविवार को पटना में करीब 1,000 क्विंटल बकरा बिका, जिससे लगभग 10 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ। दुकानों पर इतनी भीड़ रही कि मांग पूरी करने में दुकानदारों को खासा पसीना बहाना पड़ा।
पूरे बिहार में 100 करोड़ का मटन कारोबार
पूरे राज्य में मटन की खपत इस दिन चरम पर रही। अनुमान है कि बिहार में लगभग 10,000 क्विंटल बकरा बिका और मटन कारोबारियों ने करीब 100 करोड़ रुपए की कमाई की। सावन के दौरान ठप पड़ा कारोबार इस एक दिन में तेजी से पटरी पर लौट आया।
चिकन मार्केट में भी रही भारी मांग
सिर्फ मटन ही नहीं, बल्कि चिकन की बिक्री ने भी रफ्तार पकड़ी। पटना में लगभग 1,600 क्विंटल चिकन बिका, जिससे करीब 3 करोड़ रुपए की आमदनी हुई। वहीं, पूरे बिहार में चिकन मीट की खपत 30 करोड़ रुपए तक पहुंच गई। देसी चिकन की मांग सबसे ज्यादा रही, जो महंगे दामों पर भी हाथों-हाथ बिक गया।
पिछला साल का रिकॉर्ड टूटा
मीट कारोबारियों का कहना है कि सावन खत्म होने के बाद का पहला रविवार हर साल कारोबारियों के लिए फायदेमंद रहता है। लेकिन इस बार बिक्री के आंकड़ों ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए।
मोतिहारी में भी उछली कीमतें
मोतिहारी में भी रविवार और सोमवार को मीट बाजार में जबरदस्त रौनक रही। कई जगह ग्राहकों को मटन और चिकन के लिए एक घंटे तक लाइन में लगना पड़ा। मटन 600 से 650 रुपए किलो, जबकि चिकन 250 से 280 रुपए किलो बिका। बढ़ती मांग के चलते चिकन की कीमत में 20-30 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी हो गई। अनुमान के अनुसार, मोतिहारी जिले में मीट, मछली और चिकन का कुल कारोबार 10 करोड़ रुपए से ज्यादा रहा।

Post a Comment