BREAKING NEWS
Latest News Loading...
मालवा न्यूज़ 24X7

सऊदी के मक्का में भीषण गर्मी का कहर… 550 से ज्यादा हज यात्रियों की मौत, इनमें सबसे अधिक मिस्र के लोग


मक्का। सऊदी अरब में हज यात्रा के दौरान रेगिस्तानी क्षेत्र में भीषण गर्मी और लू के कारण अब तक कम से कम 550 लोगों की मौत हो गई है। अरब राजनयिकों ने पुष्टि करते हुए बताया कि गर्मी और लू में कम से कम 323 मिस्रवासी मुख्य रूप से गर्मी से संबंधित बीमारियों के कारण मारे गए हैं। सऊदी के मौसम विभाग ने बताया कि 17 जून को मक्का की ग्रैंड मस्जिद के पास तापमान 51.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। इस साल हज 14 जून को शुरू हुआ था और 19 जून को समाप्त हो रहा है।मिस्रवासी गर्मी से मारे गए
अल-मुआइसेम अस्पताल से प्राप्त कुल संख्या का हवाला देते हुए एक राजनयिक ने कहा,‘‘सभी मिस्रवासी गर्मी के कारण मर गए, भीड़ के कुचलने के दौरान एक व्यक्ति को घातक चोटें भी आईं।” राजनयिकों ने बताया कि अम्मान की रिपोर्ट के अनुसार कम से कम 60 जॉर्डनवासी मारे गए जो 41 की आधिकारिक संख्या से अधिक है।

मरने वालों की संख्या बढ़कर 577 हुई
कुछ मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, गर्मी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 577 हो गई है, जिनमें कई देशों के लोग शामिल हैं। हज इस्लाम के पांच स्तंभों में से एक है और सभी मुसलमानों को इसे कम से कम एक बार पूरा करना होता है। एक सऊदी अध्ययन से संकेत मिलता है कि तीर्थयात्रा उद्योग जलवायु परिवर्तन से काफी प्रभावित हो रहा है, जिससे तापमान में सालाना 0.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो रही है। सऊदी राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि सोमवार को मक्का की सबसे बड़ी मस्जिद में तापमान 51.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post