BREAKING NEWS
Latest News Loading...
मालवा न्यूज़ 24X7

उज्जैन में 18 मंदिर-मस्जिदों के हिस्से हटेंगे, अतिक्रमण हटाने का लोगों ने जताया विरोध, स्वेच्छा से तोड़ने पर बनी बात



उज्जैन मध्य प्रदेश के उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण कार्य की सीमा में आ रहे धार्मिक और अन्य निर्माण को हटाने की कार्रवाई गुरुवार को नगर निगम प्रशासन द्वारा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शुरू की गई। उज्जैन शहर के जीवाजी थाना क्षेत्र में केडी गेट से इमली चौराहा तक सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे 18 धार्मिक स्थलों और मकानों के प्रभावित हिस्सों को हटाने के लिए गुरुवार सुबह जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची। नगर निगम ने पुलिस और जिला प्रशासन के सहयोग से अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। लोगों ने इस कार्रवाई का विरोध किया। कुछ मुस्लिम महिलाएं अचानक सड़कों पर बैठ गईं। उनके विरोध के बावजूद भी जेसीबी के पहिए नहीं थमे तो विरोध कड़ा होता गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने इस मामले को संभालने की कोशिश की और लोगों को समझाइस देकर अतिक्रमणों को हटाने का कार्य किया जा रहा है।

चौड़ीकरण में आ रहे 18 धार्मिक स्थल
इस सड़क का चौड़ीकरण पिछले साल जून 2023 में शुरू किया गया था। मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाना है, जिसकी जद में 13 मंदिर, 1 मजार, 2 मस्जिद, 2 जैन मंदिर सहित लगभग 18 धार्मिक स्थल आ रहे हैं। इसके साथ ही मार्ग के किनारे स्थित मकानों के कुछ हिस्से भी इसके दायरे में आए हैं।

कई स्थानों पर लोगों ने खुद ही हटाना शुरू किया अतिक्रमण
इन अतिक्रमणों को हटाने के बाद इस मार्ग के बिजली के खंबों पर लाइटें लगाई जाएगी और दूसरे अधूरे कार्य भी योजना के अनुसार पूरे किए जाएंगे। इस संबंध में कार्रवाई के लिए पुलिस-प्रशासन और नगर निगम की टीम ने कल मार्ग का निरीक्षण किया था। लोगों को अपने अतिक्रमण स्वयं ही हटाने के लिए कहा गया। इसके बाद कई स्थानों पर लोगों ने अपने अतिक्रमण खुद ही हटाना शुरू कर दिया था। इसके साथ नगर निगम का अमला भी अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई कर रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post