BREAKING NEWS
Latest News Loading...
मालवा न्यूज़ 24X7

सीएम का आदेश बेअसर: खुले में बिकते रहे मांस, मछली और अंडे


भोपाल
: रपटा चौराहा. यहां से पिपरौदा निकलने वाले मार्ग पर दोनों और मांस, मछली की दुकानें सजी हुई थीं. जिन पर खरीदार भी दिखाई दे रहे थे. यहां दुकानदारी करने वालों के चेहरे पर सीएम के आदेश के बाद किसी भी तरह का डर नजर नहीं आ रहा था.
सुबह से देर शाम तक खुले आम मांस,मछली की बिक्री होती रही. इसी तरह का नजारा कैंट क्षेत्र में कुछ जगह देखने को मिला. प्रदेश के नवनियुक्त मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पदभार ग्रहण करने के बाद एक आदेश निकाला जिसमें कहा कि खुले में मांस, मछली या अंडों की बिक्री नहीं होगी. ऐसी दुकानें केवल निर्धारित जगह पर लाइसेंस लेने के बाद ही संचालित हो सकेंगी. इस आदेश का तत्काल अमल होना था, लेकिन यहां के नगर पालिका के अधिकारियों की सीएम के इस आदेश का तत्काल पालन कराने में कोई रुचि दिखाई नहीं दी. रपटा से पिपरौदा जाने वाले मार्ग पर तीन दर्जन से अधिक मांस, मछली की दुकानें सजी हुई थीं. जब एक दुकानदार से सीएम के आदेश को लेकर चर्चा की तो उनका कहना था कि हम लोग मांस-मछली कहां बेचने जाएं.
स्लाटरहाउस हाउस बना है तो वहां सुविधाएं न के बराबर हैं. हम यहां बेचने के एवज में नगर पालिका के अधिकारियों को पैसा भी देते हैं. अनुमति के संबंध में उन्होंने किसी भी तरह का लाइसेंस न होने की बात भी कही. मांस बेचने वाले एक दुकानदार ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि आदेश तो कई आते हैं, जब कोई अधिकारी आएगा तब देखेंगे.

रपटे से पिपरौदा मार्ग की और बढ़े तो यह मार्ग मांस-मछली की दुकानों के सजे होने से सकरा होता दिखाई दिया. यहां रहने वालों ने बताया कि स्लाटरहाउस बना हुआ है, वहां मांस-मछली बेचने वालों को जल्द शिफ्ट करना चाहिए. पूर्व में स्लाटरहाउस में इन दुकानदारों को भेजने की कवायद भी हुई थी, स्लाटरहाउस अवैध कब्जाधारियों से खाली भी कराया गया था, लेकिन सुविधाओं के न होने से वहां कोई भी मांस-मछली बेचने वाला कारोबार करने नहीं पहुंचा.
शहर के एक दर्जन से अधिक स्थलों पर सार्वजनिक चौक चौराहों पर मांस, मछली, अंडा, बिरयानी खुलेआम में बिकता हुआ नजर आया. सबसे अधिक पीड़ा तो वार्ड 6 स्थित धार्मिक स्थल के सामने देखने को मिलती है. यहां धार्मिक स्थल के सामने ही मछली बाजार सजा रहता है. जिसकी शिकायत कई बार स्थानीय लोगों ने की. लेकिन प्रशासन की कार्रवाई आज तक यहां ठीक से नहीं हो पाई. जिसके चलते रोजाना खासकर शादी ब्याह में धार्मिक स्थल के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का मंदिर के सामने मछली बाजार देखकर मन द्रवित हो उठता है. लेकिन पिछले कई सालों से राज्य से लेकर नगरपालिका में भाजपा का शासन होने के बावजूद मंदिर के सामने मांस-मछली का विक्रय प्रतिबंधित नहीं हो सका. इसके अलावा शहर में कैंट चौराहा, श्रीराम कॉलोनी रोड, बीजी रोड, पुरानी छावनी रोड, नानाखेड़ी रोड सहित तमाम प्रमुख चौक चौराहों पर खुलेआम मांस, मछली बिकता मिला. वहीं रेलवे स्टेशन रोड पर तो मंदिर की दीवार से सटकर मांस के ठेले लगे हुए दिखाई दिए.

Post a Comment

Previous Post Next Post