देवास - क्षेत्र में ईंट के भट्टे में किशोरी से मारपीट व जबरन बाल श्रम करवाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि किशोरी को उसके माता-पिता ने 50 हजार रुपये में बेच दिया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार कोमहिला एवं बाल विकास का दल पुलिस बल के साथ पीलिया खाल स्थित भारत प्रजापति के ईंट-भट्टे पर पहुंचा एवं वहां से किशोरी को लेकर सोनकच्छ थाने लाए।
सौदा कर दिया किशोरी का
किशोरी को उसके माता-पिता जिले के हाटपीपल्या थाना क्षेत्र के निवासी हैं। इन्होंने सोहनदास एवं कविताबाई से किशोरी का सौदा किया था। किशोरी द्वारा इसकी शिकायत वीडियो बनाकर महिला एवं बाल विकास विभाग जिला कार्यक्रम अधिकारी को की गई थी।
पिता ने 50 हजार रुपये में बेचा
किशोरी से पूछने पर उसने बताया कि पिता ने 50 हजार रुपये में बेचा है। मेरे साथ मारपीट की जा रही है, जबरन श्रम करवाया जा रहा है तथा समय पर भोजन भी नहीं दिया जाता है। किशोरी को पीलिया खाल स्थित ईंट भट्टे से लेकर पंचनामा बनाया गया। उसे तहसीलदार के समक्ष पेश किया गया, जहां से वन स्टाप सेंटर देवास भेज दिया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पुलिस को सूचना दी गई है।
पूछताछ में कई तरह की बातें आईं सामने
प्रारंभिक पूछताछ में कई अन्य तरह की बातें भी सामने आई हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार जिन लोगों के यहां से किशोरी मिली है, उनका कहना है कि उसके माता-पिता बाहर मजदूरी करने गए हैं, परिचित होने के कारण यहां छोड़ गए हैं, हमने उनको कुछ रुपये उधार दिए हैं। वहीं किशोरी के विवाह करने की तैयारी की जानकारी भी सामने आई है।
इनका कहना है
किशोरी ने उसके माता-पिता द्वारा बेचने की बात कही है। माता-पिता मजदूरी के लिए कहीं बाहर गए हुए हैं, अभी स्पष्ट रूप कुछ नहीं कहा जा सकता कि वास्तव में क्या हुआ होगा। महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से मामला बाल कल्याण समिति के समक्ष जाएगा। -पीएन गोयल, एसडीओपी, सोनकच्छ

Post a Comment