BREAKING NEWS
Latest News Loading...
मालवा न्यूज़ 24X7

मंदसौर : करंट से झुलसी महिला की मौत, कांग्रेस और भीम आर्मी ने रोक दिया ट्रैफिक


मंदसौर
जिले के गांव बही पार्श्वनाथ में करंट लगने से झुलसी विवाहिता ने इलाज के दौरान इंदौर में दम तोड़ दिया। इसके विरोध में आक्रोशित परिजनों, ग्रामीणजनों, कांग्रेसजनों, भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने शव को सड़क पर रखकर दो घंटे तक फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया।
इस दौरान दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की कतार लग गई। तहसीलदार ने परिजनों की मांगों को लेकर निराकरण का भरोसा दिया, तब जाकर चक्काजाम खोला गया।

25 सितंबर को गांव बही पार्श्वनाथ में घर की छत से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से कपड़े सुखाने गई महिला अवंतीबाई पति भुवानीराम झुलस गई थी। उसे मंदसौर जिला अस्पताल भर्ती कराया था। हालत गंभीर होने पर महिला को इंदौर रैफर किया दिया था। अवंतीबाई की इलाज के दौरान मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों, ग्रामीणों, कांग्रेसजनों व भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने महिला के शव को हाइवे पर रखा और चक्काजाम किया।

प्रशासन देगा महिला के बेटे को नौकरी
प्रदर्शनकारियों ने महिला की मौत पर परिजनों को एक करोड़ की सहायता राशि देने की मांग की। साथ ही गांव में पदस्थ बिजली कर्मचारी को हटाने, महिला के बेटे विशाल को सरकारी नौकरी देने, बिजली की डीपी व हाईटेंशन लाइन को हटाने की मांग की। चक्काजाम की सूचना पर तहसीलदार ब्रजेश मालवीया सहित आसपास के थाना क्षेत्र का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दो घंटे तक चक्काजाम और विरोध प्रदर्शन चला। तहसीलदार ने मांगों के निराकरण का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने अधिकारियों से लिखित में लिया। मल्हारगढ़ विद्युत वितरण कंपनी के सहायक यंत्री हिम्मत सिंह चौहान ने मृत महिला के पुत्र विशाल को पात्रता अनुसार सरकारी नौकरी पर रखने के लिए लिखित में अनुबंध पत्र दिया। तब चक्काजाम हटा। तहसीलदार ब्रजेश मालवीय ने बताया कि नौकरी की मांग को लेकर विद्युत वितरण कंपनी ने अनुबंध कर लिया है, अन्य मांगों को लेकर भी प्रस्ताव शासन को भिजवाया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post