रतलाम - स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के टीआइटी रोड पर स्थित एक मकान में चोरों ने शनिवार व रविवार की दरमियानी रात बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने सूने मकान निशाना बनाया और वहां से लाखों रुपए आभूषणों और नकद राशि ले गए। क्षेत्रवासियों के अनुसार शनिवार दोपहर और रात में घर के बाहर एक संदिग्ध कार दिखी थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोर कार में सवार होकर आए होंगे। चोरों का पता नहीं चल है, पुलिस जांच कर रही है।
इलाज के लिए इंदौर ले गए थे परिजन
जानकारी के अनुसार स्टेशन रोड पर स्थित एचडीएफसी बैंक शाखा के पीछे रहने वाले एमपीएफएसआई से रिटायर्ड श्याम सतवानी बताया दो दिन पहले तबीयत खराब होने से इलाज के लिए स्वजन के साथ इंदौर ले गए थे। रविवार सुबह अखबार देने आए हाकर से पड़ोसी ने कहा कि सतवानी के घर पर कोई नहीं है समाचार पत्र मत डालो।
तब अखबार वितरक ने कहा कि दरवाजा तो खुला हुआ है। इसके बाद चोरी का पता चला। पड़ोसी ने सतवानी के परिजनों को फोन कर स्टेशन रोड थाने पर पुलिस को सूचना दी। स्टेशन रोड थाना प्रभारी किशोर पाटनवाला एवं पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
रिश्तेदार व परिचित भी पहुंचे
सूचना मिलने पर सतवानी के रतलाम में रहने वाले रिश्तेदार और मित्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने जब फोन पर परिजनों से चर्चा की तो पता चला कि घर की अलमारियों में 5 लाख 60 हजार रुपए नगद और लाखों रुपए के आभूषण रखे हुए थे। चोरों ने घर की अलमारियों में रखा सामान बिखेर दिया। आशंका जताई जा रही है कि चोर अलमारी में रखे रुपए और आभूषण चोरी कर ले गए हैं। चोर कितना माल ले गए यह सतवानी व उनके स्वजनों के रतलाम आने के बाद ही पता चल सकेगा।
चोरों के कार में आने की आशंका
क्षेत्रवासियों के अनुसार सतवानी के घर के बाहर शनिवार दोपहर में एक कार देखी थी। रात करीब 3:15 बजे वही कार फिर दिखाई दी। रहवासियों ने सोचा कि सतवानी व उनके स्वजन इंदौर से आ गए होंगे। जब सुबह चोरी का पता चला तो आशंका हुई कि दोपहर में चोर कार में सवार होकर रेकी के लिए आए होंगे और रात में चोरी की वारदात कर उसी कार से चले गए। पुलिस के अनुसार आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे है, सतवानी व उनके स्वजन के आने के बाद ही पता चलेगा कि चोरी कितने की हुई है।

Post a Comment