यूपी के रामपुर जिले में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. ज्वालानगर में 12 साल के बच्चे ने अपने से आधी उम्र यानी छह साल के बच्चे की जान ले ली. यहां खेल-खेल में हुई कहासुनी के दौरान आपा खोए 12 साल के बालक ने छह वर्षीय युग की ईंट से सिर कुचलकर जान ले ली.वारदात के बाद घर की ओर भागते समय महिला कांस्टेबल नजर आई तो खुद युग के खून से लथपथ पड़े होने की जानकारी दी. शक के आधार पर पुलिस ने 12 वर्षीय बालक से पूछताछ की तो कुछ देर इधर-उधर की बात करने के बाद उसने जुर्म स्वीकार कर लिया.
मूल रूप से मुरादाबाद के गांव सिरसवां हरचंद के रहने वाले योगेंद्र यादव रामपुर में मोबाइल टावर पर टेक्नीशियन का काम करते हैं. वह रामपुर ज्वालानगर में प्रेम पटवारी की गली में रहते हैं. शनिवार दिन में 12 बजे योगेंद्र का बेटा युग घर से चॉकलेट लेने के लिए निकला. रास्ते में उसकी मुलाकात एक गली के फासले पर रहने वाले मजदूर के 12 वर्षीय बेटे से हुई.
पड़ोसी होने के कारण दोनों बालक अक्सर साथ खेलते थे. खेल-खेल में झगड़ते भी थे. शनिवार को भी दोनों साईं विहार मोहल्ले में खाली प्लॉट पर जाकर खेलने लगे. खेलने के दौरान दोनों में किसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई. बात बढ़ी तो 12 वर्षीय बालक ने ईंट के कई वार करके युग को लहूलुहान कर दिया. काफी देर तक युग नहीं उठा तो हमलावर बालक घर की ओर भागा.
रास्ते में शहजादनगर थाने की महिला कांस्टेबल को देखा तो प्लाॅट में बच्चा लहूलुहान पड़ा होने की जानकारी दी. महिला सिपाही की जानकारी पर सिविल लाइंस थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. युग को मृत हालत में देख 12 वर्षीय बालक को थाने ले आई.

Post a Comment