देवास में पुलिस ने जान पर खेलकर लूट करने वाले बदमाश को धरदबोचा. पुलिसकर्मी लुटेरों को पकड़ने पहुंचे थे. तभी बदमाशों ने उन पर चाकू और पत्थर बरसा दिए. इससे एक पुलिसकर्मी घायल हो गया है. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एएसपी ने घायल पुलिसकर्मी को 5 हजार रुपए का नगद इनाम देने का ऐलान कर दिया है.
देवास के बीएनपी थाना इलाके में चेन लूटने वाले दो बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस पहुंची थी. इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर चाकू और पत्थरों से हमला कर दिया. इस हमले में पुलिस के जवान दीपेंद्र शर्मा बुरी तरह घायल हो गये, लेकिन उन्होंने साहस दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं दूसरा बदमाश मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.
पुलिस ने जान पर खेलकर एक बदमाश को किया गिरफ्तार
बीते दिनों दो बदमाशों ने 55 साल की महिला मधु राठौर से सोने की चेन लूट ली थी. महिला ने बीएनपी थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी. इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की गई. इस दौरान पुलिस जवान दीपेंद्र शर्मा ने जैसे ही बदमाशों को पकड़ना चाहा तो उन्होंने चाकू और पत्थरों से हमला कर दिया. हमले में दीपेंद्र घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पताल मे भर्ती कराया गया है. मामले में पुलिस ने टोंक के रहने वाले एक बदमाश सुरेंद्र सेंधव को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि उसका साथी अजय सेंधव फरार हो गया है.
घायल पुलिसकर्मी को मिलेगा नगद इनाम
एडिशनल एसपी मनजीत चावला ने कहा पुलिस आरक्षक दीपेंद्र शर्मा पर आरोपी को पकड़ने के दौरान पत्थरों से हमला किया गया था. जिसमें आरक्षक घायल हो गया. एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. एक को पकड़ा जाना बाकी है. जान पर खेलकर हमारे आरक्षक ने आरोपी को पकड़ा है. आरक्षक की बहादुरी के लिए उसे 5 हजार रुपए का नगद इनाम दिया जाएगा.

Post a Comment