BREAKING NEWS
Latest News Loading...
मालवा न्यूज़ 24X7

राजस्थान : डीजल बचाने के लिए पहाड़ी की ढलान पर ट्रैक्‍टर बिना स्‍टार्ट किए दौड़ाया, 8 की मौत


राजस्‍थान के झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी इलाके में मनसा माता रोड पर सोमवार देर शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। पहाड़ी की ढलान पर ट्रैक्‍टर ट्रॉली बेकाबू होकर सौ फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई।
29 घायल हो गए। घायलों को आस-पास के सरकारी अस्‍पतालों में भर्ती करवाया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार सुबह ट्वीट करके हादसे पर दुख जताते हुए पीएम राहत कोष से मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए सहायता राशि देने की घोषणा की है। इनके अलावा पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने हादसे में मृतक लोगों के आश्रितों को अपनी तरफ से एक-एक लाख रुपए देने की घोषणा की है।

जानकारी के अनुसार 50 से ज्‍यादा ग्रामीण ट्रैक्‍टर ट्रॉली में सवार होकर सोमवार को मनमा माता की पहाडि़यों में दुर्गा महायज्ञ के मौके पर किए गए भंडारे में शिकरत करने जा रहे थे। रास्‍ते में पहाड़ी की ढलान पर ट्रैक्‍टर ट्रॉली का डीजल बचाने के चक्‍कर में चालक ने ट्रैक्‍टर का इंजन बंद करके ऐसे ही चला रहा था। ढलान पर अचानक स्‍पीड बढ़ने से चालक ट्रैक्‍टर से नियंत्रण खो बैठा।

बेकाबू ट्रैक्‍टर ट्रॉली पहले तो एक खंभे से जा टकराई फिर 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दौरान चालक ट्रैक्‍टर से कूदकर भाग गया। श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्‍टर ट्रॉली खाई में गिरने से मौके पर चीख पुकार मच गई। वहां मोबाइल नेटवर्क काम नहीं करने की वजह से कुछ श्रद्धालु भागकर कार्यक्रम स्‍थल पहुंचे और मदद मांगी। कार्यक्रम में मौजूद पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने अपने कार्यकर्ताओं को श्रद्धालुओं की मदद के लिए भेजा।

मंत्री गुढ़ा खुद भी मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर पुलिस भी आई। घायलों को खाई से निकालकर मंत्री ने अपनी व दूसरी गाड़ी से उदयपुरवाटी और पौंख के सरकारी अस्‍पताल पहुंचाया। कई घायलों को प्राथमिक उपचार देकर सीकर रैफर करना पड़ा है।

उदयपुरवाटी हादसे में मारे गए लोगों की सूची
1 कमलेश पत्‍नी राकेश गुर्जर, राजीवपुरा
2 सुंदरी पत्‍नी मंगलचंद, राजीवपुरा
3 संती देवी पत्‍नी बजरंगलाल गुर्जर, मणकसास
4 सुनिता पुत्री जगदीश सैनी, राजीवपुरा
5 गोठी पत्‍नी राजू गुर्जर, राजीवपुरा
6 सुमन पुत्री प्रहलाद, राजीवपुरा
7 शौर्य पुत्र रोहिताश, मणकसास
8 अंकित पुत्र मुकेश, मणकसास
एसडीआरएफ टीम मौके पर भेजी

मीडिया से बातचीत में झुंझुनूं एसपी मृदुल कच्छवा ने बताया कि मनसा माता रोड पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्‍टर ट्रॉली पहाड़ी से खाई में गिरने की सूचना पर पुलिस व एसडीआरएफ की टीमों को मौके पर भेजा गया। दो बच्‍चों समेत आठ लोगों के शव निकाले। 29 घायलों को अस्‍पतालों में पहुंचाया।

Post a Comment

Previous Post Next Post