BREAKING NEWS
Latest News Loading...
मालवा न्यूज़ 24X7

पंजाब: अब सुबह 7.30 बजे से दोपहर दो बजे तक खुलेंगे सभी सरकारी दफ्तर, CM मान बोले- बिजली बचाने के लिए बदला समय

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार ने अगले महीने से दफ्तरों के कामकाज का समय बदलकर सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर दो बजे तक करने का फैसला किया है।
फिलहाल, राज्य सरकार के कार्यालयों का समय सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक है। भगवंत मान ने एक वीडियो मैसेज में कहा, "पंजाब सरकार (Punjab Government) ने फैसला किया है कि दो मई से सभी सरकारी कार्यालय सुबह साढ़े सात बजे खुलेंगे और अपराह्न दो बजे बंद होंगे।" उन्होंने कहा कि कार्यालय का नया समय 15 जुलाई तक लागू रहेगा। मान ने कहा कि राज्य सरकार के कर्मचारियों समेत कई लोगों से चर्चा के बाद ये फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि गर्मियों के दौरान कार्यालयों के समय में बदलाव से बिजली की मांग कम होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, "पंजाब राज्य विद्युत निगम लिमिटेड (PSPCL) ने कहा है कि बिजली का ज्यादा इस्तेमाल (पीक लोड) दोपहर 1.30 बजे के बाद शुरू होता है और अगर सरकारी कार्यालय दोपहर दो बजे बंद हो जाते हैं, तो बिजली का इस्तेमाल 300 से 350 मेगावाट तक कम करने में मदद मिल जाएगी।" उन्होंने कहा, "मैं भी सुबह साढ़े सात बजे अपने कार्यालय पहुंच जाऊंगा।" उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में भीषण गर्मी के दौरान सरकारी कार्यालयों में आसानी से अपना काम कराने के लिए आम लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए ये निर्णय लिया गया है। 

ज्यादा जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे आम आदमी बिना छुट्टी लिए सुबह-सुबह अपना काम कर सकेगा। इसी तरह, उन्होंने कहा कि इससे कर्मचारियों को भी सुविधा होगी, क्योंकि वे ऑफिस टाइमिंग के बाद सामाजिक कामों में शामिल हो सकेंगे।इसी तरह भगवंत मान ने कहा कि कर्मचारी भी अपने बच्चों के साथ ज्यादा समय बिता सकेंगे, जो उसी समय घर भी आएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फैसला पंजाब सरकार के सभी कार्यालयों पर लागू होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नया टाइम टेबल ये ​​भी सुनिश्चित करेगा कि जनता ज्याद से ज्यादा सूरज की रोशनी का इस्तेमाल करे। उन्होंने हवाला देते हुए कहा कि कई दूसरे देशों में लोग अपनी घड़ियों को मौसम के अनुसार सेट करते हैं, ताकि वे ज्यादा से ज्यादा सूरज की रोशनी का इस्तेमाल कर सकें। भगवंत मान ने लोगों को भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में भी राज्य सरकार ऐसे और नागरिक केंद्रित फैसले लेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post