मध्यप्रदेश-
रीवा/ सीधी के चुरहट थाना इलाके में मोहानिया टनल के समीप देर रात हुई भीषण सड़क दुर्घटना में मृतको की संख्या एक दर्जन से ज्यादा पहुंच गई है। हादसे की खबर सुनकर मुख्यमंत्री चौहान रात में ही घटनास्थल पहुंच गए थे।
यहां मेडिकल कॉलेज में घायलों को देखने के बाद मुख्यमंत्री चौहान ने घोषणा की कि दुर्घटना में मृत लोगों के परिजनों को 10 लाख एवं घायलों को 2 लाख रुपए की मदद की जाएगी। दुर्घटना तब हुई थी जब तीन बसें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम से लौटने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई थीं।
घटना की खबर मिलते ही सक्रिय हो गए थे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सतना जिले के प्रवास के दौरान सीधी जिले में हुई दुर्घटना की खबर मिलते ही अधिकारियों को दुर्घटना से प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता के निर्देश दिए थे। इसके साथ उन्होंने तत्काल घटनास्थल पहुंचने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह दुर्घटना ह्रदय विदारक है। दुर्घटना में दिवंगत व्यक्तियों के परिजन को आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही घायलों का नि:शुल्क उपचार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज रात सीधी जिले में हुई दुर्घटना में खड़ी हुई बसों से ट्रक द्वारा टकराने के फलस्वरूप हुई जन हानि और रेस्क्यू प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रशासनिक अधिकारियों ,नागरिकों और घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से विवरण जाना। मुख्यमंत्री श्री चौहान घायलों से मिलने जा रहे हैं।
कमलनाथ, दिग्वजय ने भी व्यक्त की संवेदना
दुर्घटना की खबर मिलते ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ एवं वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने दुर्घटना में मृत्यु पर अपनी संवेदना व्यक्त की और घायलों के समुचित उपचार एवं जरूरी आर्थिक सहायता की मांग की है।
Post a Comment