फ्लैट में आग लगने पर पुलिस ने बुझाई।
इंदौर में पटाखे की चिंगारी से लकड़ी गोदाम जलकर राख हो गया। वहीं कनाड़िया रोड इलाके में शनिवार रात बड़ा हादसा होने से टल गया। एक बंद पड़े फ्लैट में अचानक आग लग गई। धुआं निकलने की सूचना पर पहले पुलिस पहुंची। जहां दरवाजा तोड़कर वे अंदर घुसे और पानी डालकर आग पर काबू पाया। दमकल भी पहुंची लेकिन तब तक पुलिसकर्मियों ने ही आग बुझा दी थी। दूसरी ओर सांवेर रोड के दीपमाला ढाबे के पास भी मोबाइल की दुकान और गैरेज आग की चपेट में आ गए। नवलखा पर भी दमकलों ने एक लकड़ी गोदाम पर फायर ब्रिगेड ने काबू किया।
फायर ब्रिगेड के मुताबिक रात करीब साढ़े बारह बजे के लगभग सूचना मिली थी कि मानवता नगर के अभियांक एवेन्यू बिल्डिंग फ्लैट नंबर 301 में आग लगी है। यहां सूचना के बाद दमकल की गाड़ी रवाना हुई। लेकिन कनाड़िया थाने के स्टाफ ने पहले पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। यहां शॉर्ट सर्किट से आग लगने की सूचना है। यह फ्लैट गंगाराम का है और वे अपने परिवर के साथ दीपावली मनाने पुणे गए थे। अंदर दो घरेलू सिलेंडर भी सील पैक रखे थे। जिन्हें पुलिसकर्मियों ने बाहर निकाला। इस बिल्डिंग में 30 से ज्यादा परिवार रहते हैं।
मोबाइल दुकान और गैरेज में आग
सांवेर रोड पर दीपमाला ढाबे के पास भी शनिवार देर रात करीब 12 बजे दो दुकानों में आग की सूचना पर दमकले पहुंचे। यहां एक मोबाइल की दुकान और गैरेज पूरी तरह से जलकर राख हो गया। मोबाइल दुकान गोपाल कौशल की है। वहीं गैरेज बालकिशन नाम के मैकेनिक का है। दोनों दुकानों में भी शॉर्ट सर्किट के कारण ही आग लगना बताया जा रहा है।
टॉवर के पास लकड़ी गोदाम में आग
फायर ब्रिगेड के मुताबिक रात में नवलखा में रवीन्द्र टॉवर के पास लकड़ी गोदाम में भी पटाखे की चिंगारी से आग लग गई। समय पर यहां दमकल की गाड़ियां पहुंची और आग पर तुरंत काबू पा लिया। फायर ब्रिगेड के मुताबिक यहां आग में एक टैंक पानी ही डाला गया। वहीं तिलकनगर में भी एक घर में आग की सूचना पर दमकलों ने मौके पर पहुंचकर काबू किया था।



Post a Comment