BREAKING NEWS
Latest News Loading...
मालवा न्यूज़ 24X7

मक्सी - आग लगने से दुकान हुई खाक : दुकान की छत से धुआं उठता देखा, शटर उठाते ही इन्वर्टर की बैटरी में ब्लॉस्ट से दुकानदार झुलसा

रिपोर्ट नावेद खान
मक्सी - जैन मंदिर रोड स्थित जूते चप्पल की दुकान में गुरुवार रात आग लगने से देखते ही देखते पूरी दुकान खाक हो गई। हादसा देर रात 12 बजे हुआ। हादसे में दुकान संचालक सलमान भी बुरी तरह झुलस गया। दुकान की छत से धुआं उठता देख वह चाबी लेकर पहुंचा और जैसे ही शटर उठाया, इन्वर्टर की बैटरी ब्लॉस्ट हो गई। जूते चप्पल का व्यवसाय करने सलमान पठान को रात 12 बजे अपने घर की खिड़की से कुछ ही दूरी पर स्थित अपनी जूते चप्पल की दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया था। इसके बाद वह अपनी दुकान की चाबी लेकर पहुंचे थे। शटर उठाते ही दुकान के अंदर रखी इन्वर्टर की बड़ी बैटरी ब्लॉस्ट हो गई। धमाके से दुकान मालिक सलमान 15 फीट दूर जा गिरा। उसके हाथ-पैर और पेट बुरी तरह झुलस गए। बैटरी के धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के रहवासी भी घर से बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग की ऊंची-ऊंची लपटों ने दुकान को चपेट में ले लिया। आग देख आसपास के रहवासियों ने अपने घरों में लगे नलकूप के पाइप निकाल कर आग बुझाने की हरसंभव कोशिश की लेकिन आग इतनी भयानक थी कि तब तक दुकान और उसमें रखे जूते चप्पल जलकर खाक हो गए। आसपास की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के अगले दिन शुक्रवार को हलका पटवारी भगवान सिंह गुर्जर ने घटना स्थल का मुआयना कर पंचनामा बनाया।
27 हजार की आबादी वाले नगर में 8 माह से एक भी दमकल वाहन नहीं
    हादसे से बुरी तरह झुलसा दुकान संचालक सलमान
गुरुवार रात हुए इस हादसे में एक बार फिर मक्सी में फायर ब्रिगेड की कमी खली। दरअसल 27 हजार की आबादी वाले और 20 से ज्यादा गांवों से लगी मक्सी नगर परिषद में पिछले 8 महीने से आग बुझाने वाला दमकल वाहन नहीं है। गुरुवार रात की घटना के बाद लोगों ने डायल 100 पर फायर ब्रिगेड को सूचना तो दी लेकिन शाजापुर और तराना की फायर ब्रिगेड हादसे के एक घंटे बाद मौके पर पहुंच सकी। इस बीच आसपास के रहवासियों ने अपनी पानी की मोटर चालू कर कुछ हद तक आग पर काबू पा लिया था। आग बुझाने में शाजापुर के दमकलकर्मी सुरेश बंजारा, रशीद और आशीष श्रीवास्तव ने मदद की।

बीते साल मार्च में एक्सल टूटने से खराब हुआ दमकल वाहन 
गौरतलब है कि मार्च 2022 में खेत में गेहूं की फसल में लगी आग बुझाने पहुंचा नगर परिषद का फायर ब्रिगेड वाहन ड्राइवर ने जलते खेत में उतार दिया था, जहां वाहन का एक्सल टूटने से वह आग की लपटों में घिरकर जलकर नष्ट हो गया था। तभी से फायर ब्रिगेड वाहन की कमी बनी हुई है। मक्सी नगर परिषद के सीएमओ अशफाक खान के अनुसार नए फायर ब्रिगेड वाहन क्रय करने के लिए नगर परिषद में ठहराव प्रस्ताव कर लिया गया है। संभवत: 15 दिन में नया फायर ब्रिगेड वाहन आ जाएगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post