दरअसल इस बार राजबाडा क्षेत्र में अस्थाई दुकानें, ठेले वालों, फेरी वालों और स्थाई दुकानदारों में कई दिनों से टकराव चल रहा है। स्थाई व्यापारियों का कहना है कि पहले ही क्षेत्र में सड़क निर्माण का काम चल रहा है। ऐसे में छोटे दुकानदारों द्वारा दुकानें लगाने से ग्राहक मुख्य बाजारों तक पहुंच ही नहीं पाते। इस टकराव को लेकर पिछले दिनों छोटे दुकानदार महापौर पुष्यमित्र भार्गव से मिले थे। उनका कहना था कि उन्हें दीपावली तक दुकानें लगाने की मोहलत दी जाए। इस पर उन्हें अनुमति दी गई। बहरहाल, अब धनतेरस तक राजबाडा का पूरा क्षेत्र इन दुकानदारों से पट गया है।
रात 12.30 बजे तक शॉपिंग
यहां खरीदी के लिए आने वाले लोगों के लिए धानी, दीयों, पूजन सामग्री, फल-फूल, साज-सज्जा, कपड़ों सहित कई प्रकार की दुकानें यहां लग गई है। काफी संख्या में यहां दुकानें लगने से लोगों को आगे जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। छोटे दुकानदारों, फेरी वालों की स्थिति यह है कि उन्होंने राजबाडा पर ही डेरा जमा लिया है। शुक्रवार रात लोग 12.30 बजे तक यहां से खरीदी करते रहे। दूसरी ओर ये छोटे दुकानदार रात को सामान समेट कर वहीं सो रहे हैं ताकि उनकी जगह सुरक्षित रहे।
सड़क निर्माण के चलते फजीहत
एक अन्य कारण इस क्षेत्र में कई स्थानों पर सड़कों का काम चल रहा है। ऐसे में गोपाल मंदिर से आगे बाजारों में जाने के लिए लोग उस ओर के दूसरे रास्तों से जा रहे हैं जहां से वे बर्तन बाजार, सराफा, कपड़ा बाजार, बजाज खाना चौक आदि तक पहुंच पा रहे हैं। कुल मिलाकर पूरी तरह से पैदल जोन करने के बावजूद भी काफी गहमागहमी है। बर्तन बाजार व सराफा में भी काफी भीड़ है। इसी कड़ी में नंदानगर, पाटनीपुरा, मालवा मिल, छावनी, नवलखा, बंगाली चौराहा, विजय नगर इन क्षेत्रों में भी शनिवार को काफी भीड़ रही। हालांकि यहां नो व्हीकल जोन की स्थिति अभी नहीं है।
सभी पार्किंग स्थल फुल
धनतेरस पर राजबाडा क्षेत्र के आसपास के हिस्सों सुभाष मार्ग, खातीपुरा, कृष्णपुरा छत्री, जवाहर मार्ग. संजय सेतु, एमजी रोड, शिवाजी मार्केट इन स्थानों के पार्किंग स्थल भी फुल हो गए हैं। यहां वाहन ठसाठस भरे हैं। लोगों ने अब शांति पथ क्षेत्र में वाहन पार्क करना शुरू कर दिए हैं। अभी जिस तरह से बाजारों में स्थिति है उससे अनुमान है कि अभी दो दिन बाजारों में काफी दबाव रहेगा। इसके चलते पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे व्यापारिक क्षेत्र में अपने वाहन दूर पार्क करके ही खरीदी के लिए आएं।
Post a Comment