मंडी के बाहर हाइवे पर व्यापारियों ने दुकान से करीब 30 फीट आगे तक सरिये रख दिए हैं।
शाजापुर - शाजापुर शहर के बीच से निकले नेशनल हाइवे पर व्यापारियों का कब्जा होता जा रहा है। करीब चार किमी लंबे मार्ग पर अतिक्रमण की होड़ मची हुई है। कहीं दुकानों के बाहर गाड़ियां सुधर रही, तो कहीं शेड बनाकर दुकान सजा ली है। कुछ दुकानों के बाहर सरिये और सीमेंट रख दी गई हैं। नतीजतन रास्ता संकरा होता जा रहा है और राहगीरों को ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। यह स्थिति तब है, जब कलेक्टर दिनेश जैन नगर पालिका अमले को कई बार हाइवे से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दे चुके हैं, लेकिन अमले पर इसका कोई असर नहीं हो रहा। भास्कर टीम ने शहरी क्षेत्र के हाइवे का मुआयना किया तो यह हकीकत सामने आई।
टेलीफोन टावर के सामने सुधरती गाड़ियां : भास्कर टीम सबसे पहले परशुराम तिराहे से आगे टेलीफोन टावर पहुंची। यहां सड़क के एक तरफ ऑटो गैरज है, यहां आने वाली गाड़ियों को सड़क किनारे सुधारा जा रहा है। यहां रांग साइड से आने वाले वाहनों के कारण अव्यवस्था हो रही है।
मंडी तक अतिक्रमण : धोबी चौराहा पर हर तरफ अतिक्रमण है। यहां से मंडी तरफ जाने पर कई जगह दुकानों के शेड हैं। फूलखेड़ी हनुमान मंदिर से मंडी तक के व्यापारियों में अतिक्रमण की होड़ मची है। यहां व्यापारियों का सामान उनकी दुकान से करीब 30 फीट आगे तक रखा हुआ है।
वाहनों की कतार : ट्रैफिक पाइंट से आगे चलने पर बस स्टैंड के सामने वाहनों की रेलमपेल है। राजराजेश्वरी मंदिर के आगे बड़ा पुल संकरा होने से वाहनों की कतार लगी है। शांति वन के सामने के भवनों के बाहर सड़क तक वाहन खड़े हैं। जपं के सामने बुरे हाल हैं। यहां भी गैरेज के बाहर वाहन खड़े हैं।
अतिक्रमण हटाने के लिए नपा को कई बार निर्देश दिए
अतिक्रमण हटाने के लिए नगर पालिका अमले को कई बार निर्देश दिए जा चुके हैं। अगर वे कार्रवाई नहीं करते हैं तो संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखेंगे। - दिनेश जैन, कलेक्टर
शहरी क्षेत्र के हाइवे पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई दिवाली के बाद की जाएगी। इस संबंध में कलेक्टर की ओर से निर्देश मिल चुके हैं। - राकेश चौहान, मुख्य नपा अधिकारी
Post a Comment