शाजापुर - उज्जैन से भोपाल जा रही पैसेंजर ट्रेन में एक महिला से टकराने की बात को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हो गया। ऐसे में एक युवक ने दूसरे को स्टेशन पर उतर कर देख लेने की धमकी दी। उसने बेरछा रेलवे स्टेशन पर अपने साथियों को बुला लिया। स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने के बाद बाहर युवक की ओर से कई लोगों ने मिलकर दूसरे युवक पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव में आए युवक के साथ 4 घायल गए। सभी का इलाज जिला अस्पताल में कराया गया है। वहीं बेरछा पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को राउंडअप किया है।
बेरछा थाना प्रभारी रवि भंडारी ने बताया कि गुरुवार शाम को बेरछा का रहने वाला सोनू मीणा पैसेंजर ट्रेन में सवार होकर उज्जैन से घर लौट रहा था। इसी दौरान ट्रेन में वो एक महिला से टकरा गया। इस बात को लेकर महिला का बेटा नाराज हो गया और सोनू के साथ झगड़ा करने लगा। बाद मामला शांत हुआ तो झगड़ा करने वाले युवक ने सोनू को बेरछा रेलवे स्टेशन पर देख लेने की धमकी दी। इसके बाद रात करीब साढ़े आठ बजे ट्रेन बेरछा रेलवे स्टेशन पहुंची और सोनू ट्रेन में से उतरा कर रेलवे स्टेशन के बाहर पहुंचा। इसी दौरान ट्रेन में सोनू को धमकी देने वाले युवक और उसके साथियों ने मिलकर सोनू को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान सोनू के कुछ साथी उसे बचाने के लिए पहुंचे तो मारपीट करने वाले युवकों ने चाकू से चार लोगों पर हमला कर दिया।
• इन्हें घायल अवस्था में कराया भर्ती
सूचना मिलने के बाद बेरछा पुलिस मौके पर पहुंची और चार घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं हमला करने वालों में से तीन आरोपियों को पुलिस ने राउंड अप कर लिया है। चाकूबाजी की घटना में अर्जुन (21) पिता बिहारी लाल, लोकेंद्र (22) पिता गंगाराम, महिपाल (18) पिता करण सिंह और श्रीपाल (21) पिता करण सिंह चारों निवासी मालीखेड़ी बेरछा को घायल अवस्था मे जिला अस्पताल में लाकर भर्ती कराया गया। बेरछा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Post a Comment