सीहोर। प्रदेश के सीहोर में शनिवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने विपरीत दिशा से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में जिससे बाइक पर सवार चार युवकों में से दो की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना आधी रात के लगभग मोती बाबा मंदिर के पास स्थित शुगर फैक्ट्री चौराहे और लुनिया चौराहे के बीच हुई।
रफ्तार व लापरवाही बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो चालक वाहन को बहुत तेज और लापरवाही से चला रहा था। बाइक को टक्कर मारने के बाद वाहन का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद बोलेरो पहले सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर से टकराई और फिर पास के एक घर में जा घुसी। इस टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।
एक ही बाइक पर सवार थे चार युवक
पुलिस ने बताया कि हादसे के समय चारों युवक एक ही बाइक पर सवार थे। विपरीत दिशा से तेज रप्तार से आ रही बुलेरो ने बाइक सवार को चपेट में ले लिया। हादसे में घायल युवकों की पहचान अमित चौहान (16), विवेक चौहान (12), धीरज चौहान (18) और विक्रम चौहान (18) के रूप में की गई है। ये सभी युवक सीहोर के लुनिया मोहल्ला क्षेत्र के निवासी बताए जाते हैं।
अस्पताल में दो की मौत, दो इलाज जारी
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सीहोर जिला अस्पताल ले जाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने अमित चौहान को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल विवेक चौहान को बेहतर इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल भोपाल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। बाकी दो घायल युवकों का इलाज जारी है।
लोगों ने चालक को पुलिस के हवाले किया
बताया जा रहा है कि जिस बोलेरो पिकअप से टक्कर हुई उस पर एमपी गवर्नमेंट का स्टीकर लगा हुआ था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी चालक की पहचान सुनील ठाकुर के रूप में हुई है, जो सीहोर के हनुमान फाटक क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
चालक का कराया गया चिकित्सा परीक्षण
मामले में सीहोर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 281, 125(ए), 106(1) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दुर्घटना के समय चालक ने शराब पी रखी थी या नहीं। इसके लिए उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है और खून के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

Post a Comment