भोपाल। मध्य प्रदेश में फरवरी की शुरुआत के साथ ही मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। जहां दिन के समय तेज धूप से हल्की गर्मी महसूस हो रही है, वहीं रातें लगातार सर्द होती जा रही हैं। प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में ठंडी हवाओं और कोहरे के चलते तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल बारिश का कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन ठंड का असर आने वाले कुछ दिनों तक बना रहेगा।
11 से ज्यादा जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे
प्रदेश के ग्वालियर-चंबल, सागर, रीवा और महाकौशल संभाग में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखा जा रहा है। बीते 24 घंटों में 11 से अधिक शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। सबसे ठंडा जिला कटनी रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं उमरिया और रीवा में भी पारा 7 डिग्री के आसपास पहुंच गया।
कोहरा और ठंडी हवाओं ने बढ़ाई परेशानी
शुक्रवार और शनिवार की सुबह कई जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे का असर देखा गया। भोपाल, उज्जैन, इंदौर, राजगढ़, मंडला, सतना और रतलाम जैसे जिलों में विजिबिलिटी कम होने से सुबह के समय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने के बाद अब उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
अगले 3 दिन बारिश नहीं, लेकिन ठंड जारी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि, अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश या ओलावृष्टि की कोई संभावना नहीं है। हालांकि ठंडी हवाओं और खुले आसमान के कारण रात का तापमान और गिर सकता है।
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम
8 फरवरी (शनिवार):
प्रदेश के कई जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रह सकता है। ग्वालियर-चंबल, सागर, रीवा और उज्जैन संभाग में ठंडी हवाओं का असर बना रहेगा। दिन में मौसम साफ रहेगा और धूप निकलने से हल्की राहत मिलेगी, लेकिन रात का तापमान गिरने से ठंड बनी रहेगी। बारिश या ओलावृष्टि की कोई संभावना नहीं है।
9 फरवरी (रविवार):
कुछ जिलों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है। उत्तर और पूर्वी मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने की संभावना है। दिन के समय तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रह सकता है, लेकिन सुबह-शाम ठंड का असर जारी रहेगा। इस दिन भी बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है।
10 फरवरी से बदल सकता है मौसम
भोपाल स्थित मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 8 फरवरी से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है। इसके असर से 10 फरवरी के बाद मध्य प्रदेश में फिर से मावठे की स्थिति बन सकती है। हालांकि, अभी बारिश या ओलावृष्टि को लेकर कोई तात्कालिक चेतावनी जारी नहीं की गई है।
Post a Comment