BREAKING NEWS
Latest News Loading...
मालवा न्यूज़ 24X7

देवास: जिंदगी की जंग हारी इंटरनेशनल मार्शल आर्ट खिलाड़ी, फंदे पर लटका मिला शव

एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली देवास की अंतरराष्ट्रीय जुजित्सु खिलाड़ी और मार्शल आर्ट कोच रोहिणी कलम ने सुसाइड कर लिया। रविवार को उनके आवास पर उसका शव कमरे में फंदे पर लटका मिला।परिजन उसे उतार कर तत्काल अस्पताल लेकर गए, जहां जांच उपरांत डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। जिससे आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात कारणों से हुई इस आत्महत्या की जांच शुरू कर दी है। 

जानकारी के अनुसार रोहिणी कलम (35) ने अर्जुन नगर राधागंज स्थित अपने घर में फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। रोहिणी आष्टा में एक निजी स्कूल में मार्शल आर्ट कोच के रूप में कार्यरत थीं और शनिवार काे ही घर देवास लौटी थीं। परिजनाें के मुताबिक रविवार सुबह वह पूरी तरह सामान्य थीं। नाश्ता करने के बाद उन्हें एक फोन आया, जिसके बाद वह अपने कमरे में चली गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। बहन रोशनी ने बताया कि काफी देर तक बाहर न आने पर उसने सब्बल से दरवाजा तोड़ा तो रोहिणी फंदे पर लटकी मिलीं। घटना के समय उनकी मां अपनी एक अन्य बेटी के साथ देव दर्शन के लिए बाहर गई हुई थीं, जबकि पिता भी किसी काम से घर से बाहर थे। रोहिणी कलम ने 2007 में अपने खेल जीवन की शुरुआत की थी। 2015 से पेशेवर रूप से जु-जत्सु में भाग ले रही हैं। पिछले वर्ष अबू धाबी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय जुजुत्सु प्रतियोगिता में कांस्य पदक भी जीता था। वह जुजुत्सु संघ की महासचिव भी थी। कुछ समय पहले उनका पेट में गठान का ऑपरेशन भी हुआ था। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घटना की सूचना पर बीएनपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post