इंदौर के लोगों का बरसों पुराना इंतजार बहुत जल्द खत्न होने वाला है. क्योंकि शहर में मेट्रो ट्रेन दौड़ने को अब तैयार है. लोगों का यह इंतजार साल 2025 में खत्म हो सकता है.क्योंकि मध्यप्रदेश मेट्रोल रेल कॉर्पोरेशन के एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में शहर के गांधी नगर स्टेशन से सुपर कॉरिडोर के स्टेशन क्रमांक तीन के बीच 5.9 किलोमीटर के सर्वोच्च प्राथमिका वाले खंड पर मेट्रो रेल चलाई जाएगी. बता दें कि साल 2023 के सितंबर में इसका ट्रायल रन किया गया था.
अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा को बताया कि हम इस मार्ग पर नये साल की शुरुआत में मेट्रो रेल के वाणिज्यिक परिचालन के आगाज की कोशिश में जुटे हुए हैं. इसके लिए मार्ग पर अलग-अलग ट्रायल चल रहा है. उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ये ट्रायल पूरा होते ही मेट्रो रेल सुरक्षा को अपनी रिपोर्ट सौंप देगा.
अधिकारी ने बताया कि सीएमआरएस की तरफ से हरी झंडी मिलने के बाद इस रूट पर मेट्रो रेल का परिचालन शुरू हो जाएगा. इसके अलावा उन्होंने बताया कि शहर में मेट्रो रेल के स्टेशन इस तरह तैयार किए हैं कि 6 डिब्बों की रेल चलाई जा सकती है. हालांकि शुरुआत में केवल तीन डिब्बों की मेट्रो रेल चलाई जाएगी. यात्रियों की संख्या बढ़ने पर तीन कोच और जोड़े जा सकते हैं.अधिकारी ने बताया कि मेट्रो रेल के एक कोच में करीब 300 यात्री सफर कर सकते हैं., जिनमें सीट पर बैठने वाले 50 लोग शामिल हैं. बता दें कि 14 सितंबर 2019 को इंदौर में 7500.80 करोड़ रुपये की लागत से मेट्रो रेल परियोजना के पहले फेज की नींव रखी गई थी. शहर में करीब 31.50 किलोमीटर लंबा मेट्रो रेल कॉरिडोर बनाया जाना है.

Post a Comment