रांची। झारखंड में सत्ता परिवर्तन की तैयारी शुरू हो गई है। इंडिया गठबंधन के विधायक दल की बैठक में हेमंत सोरेन को फिर से मुख्यमंत्री बनाने का फैसला लिया गया। हेमंत सोरेन एक बार फिर झारखंड के मुख्यमंत्री होंगे। माना जा रहा है कि जल्द ही चंपाई सोरेन अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप सकते हैं।
गिरफ्तारी से पहले दिया था इस्तीफा
बता दें कि हेमंत सोरेन को 31 जनवरी 2024 को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित जमीन घोटाला मामले में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के लगभग पांच महीने बाद, हेमंत सोरेन को 28 जून को जेल से रिहा कर दिया गया। गिरफ्तारी से पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजभवन जाकर राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इसके बाद चंपाई सोरेन मुख्यमंत्री बने थे।
रांची में CM हाउस में विधायक दल की बैठक
झारखंड में सत्ता परिवर्तन की अटकलों के बीच रांची में मुख्यमंत्री आवास में आज इंडी गठबंधन के विधायकों के बीच बैठक हुई। इसमें हेमंत सोरेन को विधायक दल का नेता चुना गया है। इस दौरान बैठक में कांग्रेस के झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर और प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के अलावा हेमंत सोरेन के भाई बसंत और पत्नी कल्पना भी शामिल हुए।
चंपाई सोरेन ने सभी कार्यक्रम किए कैंसिल
झारखंड में बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के सभी कार्यक्रम कैंसिल कर दिए। धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में होने वाला नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम पहले ही स्थगित कर दिया गया है। गो-सेवा आयोग का कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया है। इस कार्यक्रम में सीएम और मंत्री को ट्रेनिंग सर्टिफिकेट बांटे जाने थे। कार्यक्रम को अंतिम समय में रद्द करने के बाद चंपाई सोरेन आज विधायक दल की बैठक में शामिल हुए।

Post a Comment