BREAKING NEWS
Latest News Loading...
मालवा न्यूज़ 24X7

उज्जैन : बेटों ने किया अपनी ही मां की जमानत का विरोध, सामने आई चौंकाने वाली वजह


उज्जैन से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है यहाँ कोर्ट में 2 बेटों ने अपनी ही मां की जमानत का विरोध किया. बेटों ने अदालत से कहा कि यदि मां जेल से बाहर आती है तो उन्हें जान से मरवा देगी.सुनवाई के पश्चात् अदालत ने महिला को जमानत देने से इनकार कर दिया. पूरी घटना उज्जैन में दो महीने पहले हुए हत्याकांड से जुड़ी हुई है. उज्जैन के बिलौटीपुरा के रहने वाले मिश्रीलाल राठौर का 11 मई 2024 को बेरहमी से क़त्ल कर दिया गया था. क़त्ल करवाने का आरोप मिश्रीलाल की पत्नी कृष्णा बाई पर लगा. कृष्णाबाई ने रिश्तेदार माया के साथ मिलकर गोपाल चौधरी एवं करण नाम के युवक को वारदात को अंजाम देने के लिए सुपारी दी थी.

पूरे मामले में जीवाजीगंज थाने की पुलिस ने क़त्ल का मुकदमा दर्ज करते हुए मृतक की पत्नी व अन्य दो अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. अधिवक्ता विनोद शर्मा ने बताया कि कृष्णा बाई ने जमानत के लिए अर्जी लगाई थी, जिस पर मृतक मिश्रीलाल के बेटे लोकेश राठौर और निकलेश ने कोर्ट में आपत्ति व्यक्त की थी. अदालत के सामने जमानत नहीं देने की गुहार लगाई थी. साथ ही यह भी कहा था कि यदि कृष्णा बाई को जमानत दी जाती है तो इससे हमारी जान को भी खतरा है. इस आपत्ति पर विचार करने के पश्चात् अदालत ने कृष्णा बाई का जमानती आवेदन निरस्त कर दिया. कृष्णा बाई ने जमानती आवेदन लगाने के साथ अदालत को एक शपथ पत्र प्रस्तुत किया था, जिसमें बताया गया था कि उसे झूठा फंसाया गया है. वह उज्जैन की निवासी है, इसीलिए उसके द्वारा फरार होने या साक्ष्य प्रभावित करने जैसी कोई बात नहीं है. 

बता दे कि पूरी घटना 11 मई 2024 की है, जब बिलौटीपुरा में रहने वाले मिश्रीलाल राठौर प्रतिदिन की भांति मॉर्निंग वॉक कर अपने दोस्त तेजसिंह के साथ घर लौट रहा था. मिश्रीलाल के घर के सामने एक नाश्ते की दुकान है. तेजसिंह इस दुकान पर नाश्ता कर ही रहा था कि तभी उन्हें मिश्रीलाल की चीखने की आवाज सुनाई दी थी. तब उन्होंने देखा था कि एक युवक मिश्रीलाल को चाकू मार कर भाग रहा है. मिश्रीलाल को तुरंत तेज सिंह एवं उनका बेटा निकलेश इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए, मगर उसकी मौत हो गई. इस मामले में पुलिस ने CCTV फुटेज, मिश्रीलाल के मोबाइल नंबर तथा सभी लोगों के बयान लेने के पश्चात् अपराधियों को गिरफ्तार किया था.

Post a Comment

Previous Post Next Post