गुना। मुंबई से अपने गृहनगर कानपुर जा रहीं सूफी गायिका समरजीत सिंह रंधावा मध्य प्रदेश के गुना जिले में एक गांव में स्थित पेट्रोल पंप पर अपनी कार में डीजल डलवाने के बाद जिस मुश्किल में फंस गईं, वह दूसरों के लिए सबक हो सकती है।
रात में सुरक्षा को बड़ा खतरा
दरअसल, डीजल डलवाकर कुछ दूर जाने के बाद उनकी कार आधी रात्रि को जंगल के असुरक्षित इलाके में बंद हो गई। ऑनलाइन सिस्टम से जुड़ी कार की उन्होंने जांच कराई तो पाया गया कि टंकी में डीजल के बजाय पानी भरा है। कार में गायिका की मां और बेटी भी सवार थीं।
सबकी सुरक्षा को खतरा खड़ा हो गया। ऐसे में पुलिस को बुलाकर सहायता लेनी पड़ी। कार जंगल के इलाके में ही खड़ी करके सबको गुना में रात बिताने को मजबूर होना पड़ा। गायिका ने पेट्रोल पंप के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
कानपुर की रहने वाली है समरजीत रंधावा
मुंबई निवासी सूफी गायिका समरजीत सिंह रंधावा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर की रहने वाली हैं। शनिवार को सुबह वह मुंबई से कानपुर के लिए कार से रवाना हुई थीं। उनके साथ मां और बेटी भी थीं। गुना जिले में खटकिया गांव के पास एक पेट्रोल पंप पर शनिवार रात्रि 11.35 डीजल डलवाने के बाद कार बमुश्किल आधा किलोमीटर ही आगे चल पाई थी कि अचानक बंद हो गई।
गायिका समरजीत ने बताया कि वह पूरा सुनसान जंगल का इलाका था। चूंकि नई गाड़ियां ऑनलाइन सिस्टम से जुड़ी होती हैं। ऐसे में एजेंसी से संपर्क किया तो वहां से इंजीनियर ने ऑनलाइन देखकर बताया कि गाड़ी में पानी भरा है। मुझे इंजीनियर ने सलाह दी कि फर्स्ट गियर में गाड़ी को चलाकर किसी सुरक्षित स्थान पर जाएं और पुलिस से संपर्क करें। इस पर पुलिस को बुलाया।
इसके बाद वह वापस पेट्रोल पंप पर पहुंचीं और पेट्रोल पंप के कर्मचारियों से बाल्टी में डीजल निकालने को कहा। जब उन्होंने डीजल निकलवाया तो वो पूरी तरह पानी था। तीन घंटे बाद पंप मालिक आए और माफी मांगी। कहने लगे कि वर्षा का पानी चला गया होगा और दूसरी कार का इंतजाम कराया और गुना भिजवाया। इसके बाद वह गुना में रात को रुकीं। सुबह कार को शोरूम पर लाकर सही कराया। मामले की शिकायत गायिका ने चांचौड़ा पुलिस से करते हुए प्रशासन से पेट्रोल पंप को सील करने की मांग की है।
गायिका ने पेट्रोल पंप पर डीजल की जगह पानी भरने का आरोप लगाया है, लेकिन उन्होंने अभी FIR से इनकार किया गया। कहा है कि बाद में आकर FIR दर्ज कराएंगी। - मचल सिंह मंडेलिया, थाना प्रभारी- चांचौड़ा, गुना

Post a Comment