मध्य प्रदेश के उज्जैन में चल रही दो दिवसीय रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की शुरुआत शुक्रवार को हुई. इस कॉन्क्लेव में देश-दुनिया के कई बड़े उद्योगपति शामिल हुए. साथ ही अदाणी एंटरप्राइजेज के डायरेक्टर प्रणव अदाणी (Pranav Adani) भी इस समिट में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश में करीब 75 हजार करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान किया. इसके साथ ही प्रणव अदाणी ने इस समिट में बुलाने के लिए सूबे के मुखिया मोहन यादव का धन्यवाद भी किया.
प्रणव अदाणी ने समिट को संबोधित करते हुए कहा कि वे मध्य प्रदेश में निवेश करने के लिए उत्साहित हैं. अदाणी ग्रुप प्रदेश में 75 हजार करोड़ का निवेश करेगा. जिसमें करीब 5 हजार करोड़ की लागत से बनने वाला महाकाल एक्सप्रेस-वे भी शामिल है. यह एक्सप्रेस-वे उज्जैन, इंदौर और भोपाल को आपस में कनेक्ट करेगा. इसके साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि अदाणी ग्रुप प्रदेश के भिंड, बुरहानपुर, टीकमगढ़ और अलीराजपुर का भी विकास करेगा. उन्होंने मोहन सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि मोहन सरकार बहुक्षेत्रीय नीतिगत योजनाओं और सुधारों पर जोर दे रही है, इससे प्रदेश में संभावनाएं तेजी से उभर रही हैं.
इन क्षेत्रों में अदाणी ग्रुप करेगा निवेश
प्रणव अदाणी ने कहा कि हमारा इरादा प्रदेश में निवेश को दोगुना करने का है. उन्होंने कहा कि फ्यूल डिस्ट्रीब्यूशन बिजनेस में 2,100 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया जाएगा. उन्होंने आगे बताया कि अदाणी ग्रुप की योजना है कि मध्य प्रदेश को रिन्यूएबल एनर्जी पर ज्यादा निर्भर बनाया जाए. इसके अलावा उन्होंने पंप-स्टोरेज परियोजनाओं की स्थापना में 28,000 करोड़ के निवेश का ऐलान किया. सिंगरौली पावर प्लांट में पावर क्षमता बढ़ाने पर 30,000 करोड़ रुपये का निवेश होगा. उन्होंने कहा कि इन कोशिशों की वजह से मध्य प्रदेश में 11,000 नौकरियां पैदा होंगी.
MP को भारत का मुख्य प्रदेश बनाना है
कॉन्क्लेव में अदाणी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) के डायरेक्टर प्रणव आदाणी ने कहा कि पीएम मोदी राष्ट्र को शिखर पर ले जाने के लिए मेहनत कर रहे हैं. उनके इस संकल्प को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश देश का ह्रदय है और आने वाले समय में इसे भारत का मुख्य प्रदेश बनाना है. प्रणव अदाणी ने कहा, "मैं हमारे देश की बिजनेस कम्युनिटी के साथ प्रदेश में निवेश को लेकर बहुत ही उत्साहित हूं, इससे मध्य प्रदेश की बेहतर तरक्की और समृद्धि हो सकेगी." उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश को ट्रांसफॉर्म करने के लिए देश के प्रतिभाशाली उद्योगपतियों की टीम अहम भूमिका निभाएगी.
गीता के ज्ञान पर ये कहा
प्रणव अदाणी ने समिट के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव का धन्यवाद करते हुए कहा कि इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से उन्हें भगवान महादेव की धरती पर आने का सुखद अवसर प्राप्त हुआ. इसके लिए वे सीएम मोहन यादव का धन्यवाद करते हैं. उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने 5 हजार साल पहले गीता का ज्ञान दिया था, वो ज्ञान आज भी हम सभी का मार्गदर्शन कर रहा है. भगवान कृष्ण ने भी अपनी शिक्षा उज्जैन के सांदीपनि आश्रम में आकर ग्रहण की थी.

Post a Comment