इंदौर - शुक्रवार को इंदौर में मौसम ने करवट ली। दोपहर में जहां तेज धूप थी, वहीं शाम को तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे पहले सुबह दक्षिण पूर्वी दिशा से हवा चलने लगी। पड़ोसी राज्यों और आसपास के इलाकों में बरसात का असर दिख रहा है। मालवा क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदल गया है। ठंड कम महसूस हो रही है। गुरुवार रात को न्यूनतम तापमान फिर बढ़ गया।
शुक्रवार रात हुई बारिश व तेज हवा के कारण शहर के कई इलाकों की बिजली गुल रही। बिजली कंपनी के 11 केवी के 525 फीडरों में से 16 फीडरों पर आपूर्ति बाधित हुई। पांच फीडरों के उपकरण क्षतिग्रस्त हुए, जबकि दस फीडरों पर तेज हवा, बारिश के कारण सुरक्षा कारणों से पांच से दस मिनट बिजली बंद रखी गई। रात 8.30 बजे तक सभी फीडर सामान्य हो गए। इस दौरान शहर के तीन सौ कर्मचारी, 40 अधिकारी ड्यूटी पर लगे रहे। लाइन कर्मचारियों ने काम कर आपूर्ति सामान्य की। शहर में बिजली कंपनी के जोन की टीमों ने 250 व्यक्तिगत आपूर्ति शिकायतों (फ्यूज आफ काल ) का निराकरण किया।
बीते 24 घंटे में रात का तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा। अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस है, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। अलसुबह दृश्यता सात हजार मीटर तक रही। हवा की रफ्तार 14 किमी प्रतिघंटा रही। मौसम विभाग के मुताबिक मौसम दो से तीन दिन ऐसा ही बना रहेगा।

Post a Comment