BREAKING NEWS
Latest News Loading...
मालवा न्यूज़ 24X7

उत्तर प्रदेश : एक कप चाय मांगने पर भड़की पत्नी; पति की आंखों में घोंप दी कैंची, लहूलुहान छोड़कर भागी


उत्तर प्रदेश
- एक कप चाय मांगने पर एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति की आंख में कैंची घोंप दी. वारदात को अंजाम देने के बाद महिला अपने पति को लहूलुहान छोड़कर फरार हो गई. घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी और फरार महिला की तलाश में जुट गई. घटना उत्तर प्रदेश के बागपत जिले की है. 
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित अंकित नाम के शख्स ने तीन साल पहले आरोपी महिला से शादी की थी. कहा जा रहा है कि शादी के कुछ समय बाद ही दंपति के बीच छोटी-छोटी बातों पर झगड़े होने लगे. जानकारी के मुताबिक, वारदात के तीन दिन पहले आरोपी महिला ने अपने पति अंकित और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई थी.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़ित अंकित ने घटना वाले दिन अपनी पत्नी से एक कप चाय मांगी थी. चाय मांगने के बाद अंकित की पत्नी भड़क गई और घर में रखी कैंची से अपने पति की आंखों पर हमला कर दिया. दोनों के बीच झगड़े के दौरान चीख-पुकार मची, जिसे सुनकर अंकित के परिजन दंपति के कमरे में पहुंचे.

परिजन के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद अंकित को लहुलूहान हालत में छोड़कर आरोपी महिला घर से फरार हो गई. इसके बाद अंकित की भाभी ने पुलिस को फोन घर घटना की जानकारी दी. 

जानकारी के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायल अंकित को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां से उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने मेरठ रेफर कर दिया. फिलहाल, पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच पड़ताल में जुट गई है. साथ ही आरोपी महिला को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं.


Post a Comment

Previous Post Next Post