लाड़ली बहना योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं की परेशानियां खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। पहले एक हजार रुपये के लिए अलग अलग जगह लाइनों में लगना पड़ा अब इसी योजना के तहत सस्ते सिलेंडर के लिए परेशान होना पड़ रहा है।नगर पालिका से लेकर गैस एजेंसी तक महिलाओं की लंबी-लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं।
450 रुपये का सिलेंडर लेने के लिए आंगनबाड़ियों में फार्म भी नहीं मिल रहे हैं, जिससे महिलाएं नगर पालिका के चक्कर लगा रही हैं। एक ही जगह भीड़ बढ़ने से एक आवेदन आनलाइन दर्ज करने में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। गुरुवार को नगर पालिका कार्यालय में महिलाओं की खासी भीड़ रही। यहां तीन कर्मचारियों द्वारा एक से लेकर सात नंबर वार्ड तक की महिलाओं के आवेदन भरे जा रहे थे।
वार्ड में भरने थे आनलाइन फार्म
नपा के कर्मचारी नपा कार्यालय में ही बैठे थे जबकि उन्हें अपने अपने वार्ड में जाकर आनलाइन फार्म भरने थे। एक से लेकर सात नंबर वार्ड तक की महिलाएं ही नहीं बल्कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं तक नपा कार्यालय में बैठीं इंतजार कर रही थीं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बताया कि उन्हें मोबाइल पर मैसेज आया था कि आवेदन फार्म नपा कार्यालय में आनलाइन जमा होंगे इसलिए वे महिलाओं को फार्म के साथ लेकर यहां आई हैं।
इधर नपा कार्यालय में तीन कर्मचारी मोबाइल से आनलाइन फार्म की एंट्री कर रहे थे, कभी सर्वर नहीं मिलने तो कभी पोर्टल पर एरर आने से एक आवेदन दर्ज करने में दस से बीस मिनट तक का समय लग गया। उमस भरी गर्मी में महिलाओं को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड एक की निवासी सबा बी ने बताया कि उन्हें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने कोई आवेदन नहीं दिया बल्कि नगर पालिका जाने को कहा था इसलिए वे यहां आई हैं यहां आवेदन नहीं मिल रहे।
जिला आपूर्ति विभाग का दावा है कि उन्होंने जिले में एक लाख आवेदन वितरित करने के लिए जनपदों और नगर पालिकाओं को दिए हैं। जिले में अब तक 21 हजार तक आवेदन जमा भी हो चुके हैं।
महिलाओं को दो दो जगह जाना पड़ रहा
वार्ड तीन की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि उन्हें फार्म मिल गए थे महिलाओं के आफलाइन फार्म भरने के बाद वे नपा आ गईं अब एक एक भरे हुए आवेदन को पोर्टल पर आनलाइन दर्ज करना होगा। नपा कर्मचारियों के वार्डों में नहीं जाने से महिलाओं को दो-दो जगह जाना पड़ रहा है। पहले वे आंगनबाड़ी जा रही हैं जहां से फार्म भरने के बाद उन्हें नगर पालिका आना पड़ रहा है। जबकि शासन ने वार्ड वार्ड शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि नपा कर्मचारियों का कहना है कि हर वार्ड में कर्मचारी तैनात है, 18 कर्मचारियों के अलावा 4 अतिरिक्त कर्मचारी नपा कार्यालय में रखे गए हैं क्योंकि यहां भी महिलाएं आ रही हैं।
गैस एजेंसी पर नाम गलत होने से बढ़ी परेशान
सलामतपुर में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना एवं मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की पंजीकृत महिलाओं को 450 रुपये में सिलेंडर को लेकर जिले की सभी पंचायत में आवेदन भरे जा रहे हैं। गैस एजेंसी द्वारा नाम में गलती किए जाने का खामियाजा लाड़ली बहना योजना की महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है। गैस एजेंसी पर नाम में गलती होने के कारण पोर्टल पर फार्म स्वीकृत नहीं किया जा रहे हैं। जिससे महिलाएं मायूस होकर लौट रही हैं।
पंचायत को रोजाना 100 महिलाओं के फार्म भरने का टारगेट दिया जा रहा है। लेकिन पंचायत में चार से पांच ही फार्म भरे जा रहे हैं। एक पंचायत सचिव ने बताया कि उनकी पंचायत में कम से कम रोजाना 150 महिलाएं आ रही हैं। लेकिन फार्म सिर्फ 7 के ही भरे गए, बाकी नाम में गलती होने के कारण रिजेक्ट हो गए। पोर्टल पर संबंधित गैस एजेंसी पर संपर्क करने का लिखा आ रहा है। अब ऐसे में महिला गैस एजेंसी पर पहुंच रही हैं जहां पर लंबी-लंबी लाइन लगी मिल रही है।
बिना फार्म के भी आनलाइन दर्ज होगी जानकारी
जिले में लाड़ली बहना योजना के तहत सब्सिडी वाले सिलेंडर के लिए महिलाएं आवेदन फार्म के लिए भटक रही हैं। जबकि जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी राममिलन सिंह का कहना है कि अब आफलाइन फार्म भरने की भी जरूरत नहीं है। कलेक्टर द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि दस्तावेजों के आधार पर सीधे पोर्टल पर आनलाइन आवेदन दर्ज कर सकते हैं।

Post a Comment