BREAKING NEWS
Latest News Loading...
मालवा न्यूज़ 24X7

इंदौर के पहले डबल डेकर ब्रिज के लिए मुख्यमंत्री शनिवार को करेंगे भूमिपूजन


इंदौर
: उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के अलावा 2028 में होने वाले सिंहस्थ को देखते हुए लवकुश चौराहे पर इंदौर विकास प्राधिकरण (आइडीए) डबल डेकर ब्रिज बनाएगा।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इसके निर्माण के लिए शनिवार शाम 7 बजे भूमिपूजन करेंगे। इसी ब्रिज के नीचे से मेट्रो ट्रेन और सुपर कारिडोर से एमआर-10 का फ्लाईओवर गुजरेगा। यह शहर का सबसे ऊंचा ब्रिज होगा।

यह ब्रिज बाणगंगा की तरफ से अरबिंदो अस्पताल के पहले तक बनेगा। 146 करोड़ रुपये में 24 माह में इसका निर्माण किया जाएगा। छह लेन के इस ब्रिज की लंबाई 1452 मीटर और चौड़ाई 24 मीटर होगी। इसकी ऊंचाई 23 मीटर रहेगी। मेट्रो और फ्लाईओवर के कारण चौराहे पर 60 मीटर का स्पान रखा जाएगा।

सरवटे से सीधे उज्जैन रोड जा सकेंगे

बाणगंगा रेलवे क्रासिंग पर भी पीडब्ल्यूडी द्वारा रेलवे ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। जो सीधे उज्जैन रोड पर बाणगंगा ब्रिज के आगे उतरेगा। इसके पूरा होने के बाद वाहन सरवटे से एमआर-4 का उपयोग कर बाणगंगा आरओबी से होते हुए डबल डेकर ब्रिज से सीधे उज्जैन रोड पर पहुंच जाएंगे।

खिलाड़ियों को मिलेगा स्विमिंग पूल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को अंतरराष्ट्रीय स्विमिंग पूल का लोकार्पण भी करेंगे। आइडीए ने 20 करोड़ की लागत से पीपल्याहाना में स्विमिंग पूल का निर्माण किया है। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं हो सकेंगी। खिलाड़ियों के लिए सभी तरह की आधुनिक सुविधाएं जुटाई गई है।

यहां भी पहुंचेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मेट्रो ट्रायल रन का फ्लैग आफ करेंगे। नंदानगर स्थित आइटीआइ भवन एवं मां कनकेश्वरी महाविद्यालय का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही एमओजी लाइन स्थित रेडक्रास सोसायटी द्वारा संचालित अस्पताल के उद्धाटन, दिव्यांगों को लैपटाप वितरण, रेट्रोफिटिंग स्कूटी वितरण एवं एनिस्मार्ट क्लास के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। रेती मंडी स्थित रेलवे ओवर ब्रिज का भूमिपूजन करेंगे। रात 10 बजे स्विमिंग पूल का लोकार्पण कर भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post