BREAKING NEWS
Latest News Loading...
मालवा न्यूज़ 24X7

शुजालपुर में पानी के टैंक में डूबने से मासूम की मौत: ढक्कन खुला होने की वजह से हुआ हादसा, परिवार में पसरा मातम


शाजापुर
जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। जहां शुजालपुर के कृष्णा नगर कॉलोनी में घर में बने पानी के टैंक में डूबने से एक 8 साल के बच्चे की दुखद मौत हो गई।

मंडी पुलिस थाना के प्रधान आरक्षक रामदयाल श्रीवास्तव ने बताया कि कृष्णा नगर कॉलोनी निवासी सुनील बरोठा लॉन्ड्री संचालित करते हैं तथा उन्होंने 1 दिन पहले शनिवार को अपने घर में बने पानी के टैंक में 2 टैंकर पानी डलवाया था। आज टैंकर से पानी की टंकी में पानी चढ़ाने के दौरान मोटर में कुछ तकनीकी गड़बड़ी हुई। सुधारने की कोशिश में वह छत पर मोटर देखने गए थे। बेटा गीतांश भी उनके साथ था। उन्होंने बेटे गीतांश को नीचे जाकर कुछ औजार लाने को कहा। लेकिन काफी देर तक जब बेटा ऊपर वापस नहीं आया, तो पिता को चिंता हुई और उन्होंने नीचे आकर देखा।

वहीं इधर नीचे पानी के टैंक का ढक्कन खुला हुआ था। अनहोनी की आशंका में पिता ने झाक कर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। गीतांश का शव पानी टैंक में नजर आया। इधर पूरे परिवार में चीख पुकार मच गई। तत्काल परिजन व पड़ोसी बच्चे को सिटी सिविल अस्पताल उपचार के लिए लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद 8 वर्षीय बालक को मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द किया गया है। इस घटना के बाद कृष्णा नगर कॉलोनी में गमगीन माहौल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post