BREAKING NEWS
Latest News Loading...
मालवा न्यूज़ 24X7

भोपाल: दौड़ती ट्रेन में आधी रात को थमने लगी थी सांस, भोपाल स्टेशन पर ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाकर बचाई जान

न्यूज़ डेस्क
भोपाल में रेलवे के अधिकारियों एवं कुछ समाजसेवी युवाओं ने चलती ट्रेन में एक मरीज की जान बचाने का काम किया। भोपाल रेलवे स्टेशन पर देर रात को पहुंचाई गई इस मदद के लिए अधिकारियों एवं समाजसेवी युवाओं की जमकर तारीफ हो रही है। दरअसल, राजधानी एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक 40 वर्षीय व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद चलती ट्रेन से भोपाल मंडल के रेल अधिकारियों को मदद के लिए संदेश भेजा गया कि मरीज का ऑक्सीजन स्तर खतरनाक रूप से गिर गया है। संदेश मिलते ही भोपाल मंडल के रेल अधिकारी सक्रिय हुए और मदद पहुंचाई। 

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक एक मरीज को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से दिल्ली के एक अस्पताल ले जाया जा रहा था। बिलासपुर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस 15-16 दिसंबर की रात मरीज की तबियत बिगड़ने के बाद मध्य प्रदेश के भोपाल स्टेशन पर समय पर ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाया गया। यह वाकया तब हुआ जब ट्रेन मध्य प्रदेश से गुजर रही थी। कादर यादव नाम के मरीज की ऑक्सीजन लेवल 80-85 फीसदी थी। ऐसे मरीज को हाइपोक्सिया का जोखिम होता है और उसे तत्काल मेडिकल मदद की जरूरत होती है। 

एक नर्स के तौर पर मरीज के साथ सफर कर रहे धीरज कुमार ने पीटीआइ को बताया कि यादव को ब्रेन हेमरेज के लिए सर्जरी के बाद रायपुर से दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया जा रहा था। उनके शरीर में ऑक्सीजन के स्तर में गिरावट आने लगी। मरीज की स्थिति को देखते हुए, मैंने मदद के लिए रेलवे अधिकारियों से संपर्क किया। धीरज कुमार अटेंडेंट ने कहा कि नागपुर पहुंचने से पहले, मरीज का ऑक्सीजन लेवल गिरना शुरू हो गया था। कोविड पेशेंट हेल्प डेस्क (सीपीएचडी) के वाइस चेयरमैन अभिषेक मकवानी ने बताया कि रेलवे के अधिकारियों ने 16 दिसंबर को 1:25 बजे उनके एनजीओ को फोन कर ऑक्सीजन सिलेंडर की मांग की। हमने काफी दौड़-भाग के बाद चिरायु अस्पताल से ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था की। राजधानी एक्सप्रेस के आने से ठीक पहले लगभग 4 बजे भोपाल स्टेशन पर पहुंचे। मरीज को ऑक्सीजन के साथ-साथ अन्य चिकित्सा सहायता दी गई। ट्रेन समय से सुबह 4:30 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक यादव आरएमएल अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत में सुधार है।


Post a Comment

Previous Post Next Post