रिपोर्ट नावेद खान
मक्सी - अकोदिया-सलसलाई मार्ग स्थित गिराना जोड़ पर सीमेंट व्यवसायियों का पेमेंट लेकर जा रहे एक मुनीम से 4 लाख रुपए से अधिक की लूट हो गई। 2 बाइक पर आए तीन लुटेरों ने हमला किया, और रुपयों से भरी थैली लेकर रफू-चक्कर हो गए। घटना की सूचना पर एसपी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, और मौका मुआयना किया।
यह है मामला
जानकारी के अनुसार अकोदिया मार्ग पर ग्राम गिराना भैंसरोद जोड़ के मध्य रिफाइंड ठेकेदारी का कार्य करने वाले मक्सी निवासी हकीम खां के मुनीम पनवाड़ी निवासी करीम पिता कयूम खां (27 वर्ष) ने हम्मालों और अन्य सीमेंट व्यवसायियों का शुक्रवार को पैसे इकट्ठे किए थे। इस रकम को वह अपने घर पनवाड़ी लेकर चला गया, जहां से शनिवार को सुबह करीब 9 बजे वह बाइक पर पन्नी में पैसे लेकर शुजालपुर रेलवे ट्रैक पाइंट पर जा रहा था। जब वह अकोदिया मार्ग स्थित ग्राम गिराना-भैंसरोद जोड़ पहुंचा तभी 2 बाइक पर आए 3 बदमाशों ने हमला कर दिया। इनमें से एक ने हेलमेट पहन रखा था, और दो बदमाशों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। बदमाशों ने पत्थर मारकर बाइक सहित गिरा दिया। इसके बाद बदमाश उसके पैसे की थैली लेकर फरार हो गए। घटना के बाद युवक ने कुछ दूरी पर स्थित ढाबे पर पहुंचकर पुलिस को वहां से सूचित किया। सूचना पर एसपी जगदीश डाबर, एएसपी टीएस बघेल, बेरछा एसडीओपी भविष्य भास्कर, साइबर सेल प्रभारी अंकित मुकाती दलबल के घटनास्थल पहुंचे, और जायजा लिया। फिलहाल पुलिस ने मामला जांच में लिया है। पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस का अभी तक कोई संतुष्ट जवाब नहीं दे पा रही है। पुलिस अफसरों का कहना है कि अभी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
आए दिन होती है इस मार्ग पर वारदातें
उक्त मार्ग पर 5 किलोमीटर के दायरे में आए दिन दिनदहाड़े ही वारदातें होती रहती हैं। ट्रक कटिंग कर व्यापारियों का सामान, खाद्य सामग्री लूट ली जाती है। जाते हैं। 2 दिन पूर्व भी एक ट्रक से कटिंग की घटना घटी थी। इसके पूर्व भी नगर के व्यापारी राधेश्याम यादव की खल की बोरियां, भोपाल के कपड़ा व्यापारी की कपड़ा की गठान, बस के ऊपर से भी कई बार कटिंग की घटना को अंजाम दिया गया था।
Post a Comment