देवास- महाअष्टमी के अवसर पर माता टेकरी पर कई माता भक्तों ने दर्शन किए। सुबह से कई भक्त दूर-दूर से माता चामुण्डाव तुलजा भवानी माता के दर्शन करने पहुंचे। बीती रविवार देर रात को माता टेकरी पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। देर रात से अलसुबह तक लाखों श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए।
शहर में जहां देखो, वहां भक्तों की भीड़ नजर आ रही थी। माता टेकरी भी श्रद्धालुओं की काफी संख्या थी । प्रशासनिक अधिकारी भी इतनी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखकर परेशान थे। एसपी डॉ. शिवदयाल सिंह, निगमायुक्त विशाल सिंह व एसडीएम प्रदीप सोनी देर रात तक स्थिति पर नजर रखे हुए थे।
बताया जा रहा है कि नवरात्रि में आज दोपहर तक माता टेकरी पर करीब 11 लाख श्रद्धालु माता के दर्शन कर चुके है। नवरात्रि के नौ दिनों में शहर की कई सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं द्वारा चामुण्डा व तुलजा भवानी माता को चुनरी चढ़ाई जाती है। इसी कड़ी में प्रतिदिन शहर के प्रमुख मार्गों पर चुनरी यात्रा निकालने का दौर भी जारी है।
इधर, नवरात्र के आठवें दिन आज अष्टमी पर माता की पूजा घर-घर में भक्ति भाव के साथ की जा रही है। घरों में सुबह से पूजा-अर्चना का दौर चल रहा है जो देर रात तक जारी रहेगा। मान्यता है कि नवरात्र के आठवें दिन अष्टमी पर माता की आराधना एवं पूजा करने का विशेष महत्व होता है। हिन्दू परिवार के सदस्य परंपरानुसार इस दिन घर-घर में माता की विशेष पूजा करते है और माता को कई प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाते है। नवरात्र के आठवें दिन माता के भक्तों द्वारा पूरी रात जागरण भी किया गया।
Post a Comment