मक्सी - मानसिक तनाव से जूझ रहे शिक्षक ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान, व्हाट्सएप संदेश में लगाए गंभीर आरोप


सिरोलिया/मक्सी
। शाजापुर जिले के सिरोलिया गांव में सोमवार शाम एक दुखद घटना सामने आई। गांव के 38 वर्षीय निजी स्कूल शिक्षक ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से पहले उन्होंने एक व्हाट्सएप ग्रुप में संदेश साझा करते हुए कुछ लोगों पर मानसिक प्रताड़ना और उनके खिलाफ झूठी अफवाहें फैलाने के गंभीर आरोप लगाए। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

रेलवे ट्रैक पर मिला शव
पुलिस के अनुसार घटना सिरोलिया रेलवे स्टेशन के समीप पोल नंबर 1298/08 से 1298/06 के बीच हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

निजी विद्यालय में थे शिक्षक
मृतक की पहचान सतीश जोशी (38) पिता मणिशंकर जोशी, निवासी सिरोलिया के रूप में हुई है। वे सिरोलिया से करीब छह किलोमीटर दूर साजोद स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे और प्रतिदिन साइकिल से स्कूल आते-जाते थे।

व्हाट्सएप संदेश में लिखी मानसिक पीड़ा
पुलिस के अनुसार आत्महत्या से पहले सतीश जोशी ने एक व्हाट्सएप ग्रुप में संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग लंबे समय से उनके बारे में झूठी बातें और अफवाहें फैला रहे थे। उन्होंने लिखा कि इन घटनाओं के कारण वह पिछले करीब दो माह से मानसिक तनाव में थे।

संदेश में उन्होंने एक व्यक्ति पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग भी की। साथ ही अपने परिचितों और मित्रों से क्षमा मांगते हुए अंतिम विदाई का संदेश लिखा।

परिजनों ने भी जताई मानसिक तनाव की बात
मृतक के भाई राहुल जोशी ने बताया कि सतीश अविवाहित थे और पिछले कुछ समय से काफी मानसिक तनाव में रह रहे थे। परिजनों का कहना है कि लगातार तनाव और परेशानियों के कारण उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।

पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मृतक द्वारा छोड़े गए व्हाट्सएप संदेश, परिजनों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

नोट: समाचार में लगाए गए आरोप मृतक के व्हाट्सएप संदेश और परिजनों के बयानों पर आधारित हैं। इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच जारी है।

रिपोर्ट मनोज जोशी मक्सी/शाजापुर 

Post a Comment

أحدث أقدم
मालवा न्यूज़ 24X7