मक्सी, 11 जुलाई। शाजापुर जिले की मक्सी पुलिस ने डकैती की तैयारी कर रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से पूर्व में हुई लूट का करीब ₹4.50 लाख मूल्य का सोना-चांदी, डकैती में इस्तेमाल की जा रही KIA Sonet कार तथा अन्य उपकरण सहित कुल लगभग ₹16.50 लाख मूल्य का मशरूका बरामद किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी अजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना मक्सी पुलिस द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार थाना मक्सी में दर्ज अपराध क्रमांक 163/2026 (धारा 331(6), 309(3) भारतीय न्याय संहिता) की विवेचना के दौरान 10 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि मक्सी बायपास एबी रोड ब्रिज के नीचे सिरोलिया रोड की ओर एक काले रंग की KIA Sonet कार (MP-13-AK-1978) में सवार पांच व्यक्ति, जो पारदी समुदाय की बोली बोल रहे थे, जीयो पेट्रोल पंप, मक्सी पर डकैती डालने की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना मक्सी से दो पुलिस टीमों का गठन कर मौके पर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे और गिलोल से पत्थर चलाकर हमला कर दिया। इसी दौरान एक आरोपी ने बड़े स्क्रू-ड्राइवर से आरक्षक चन्द्रशेखर जाट पर हमला कर दिया, जिससे उनके दाहिने हाथ में चोट आई। इसके बावजूद पुलिस टीम ने साहस और सतर्कता का परिचय देते हुए पीछा कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
1. मिथुन पारदी (33), निवासी ग्राम खेजड़ा चक, हाल हड्डी मिल, जिला गुना।
2. बाली पारदी (30), निवासी ग्राम करय्या, थाना बहादुरपुर, जिला अशोकनगर।
3. देवराज पंवार (पारदी) (22), निवासी ग्राम विश्वानगर, थाना धरनावदा, हाल बूढ़ा बालाजी, जिला गुना।
4. वनराज पंवार (पारदी) (21), निवासी ग्राम विश्वानगर, थाना धरनावदा, हाल बूढ़ा बालाजी, जिला गुना।
5. अभिषेक सेलर (केवट) (27), निवासी ग्राम पिपलोद, थाना कैंट, जिला गुना।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डकैती की तैयारी में उपयोग किए जाने वाले औजार, प्रेशर गैस कटर, अन्य सामग्री तथा KIA Sonet कार जब्त की। पूछताछ में आरोपियों ने 20 जून 2026 को हुई लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया और लूटा गया सोना-चांदी सिरोलिया के जंगल में छिपाकर रखना बताया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लगभग ₹4.50 लाख मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण बरामद किए। कार एवं अन्य जब्त सामग्री सहित कुल लगभग ₹16.50 लाख मूल्य का मशरूका बरामद किया गया है। पुलिस आरोपियों से विस्तृत पूछताछ कर रही है और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा, उपनिरीक्षक मनोहर चौहान, सहायक उपनिरीक्षक अभिषेक दीक्षित, प्रधान आरक्षक रामेश्वर जाटव, राजेश पटेल, विपिन सिंह तोमर, निलेश जामलिया, आरक्षक चन्द्रशेखर जाट, रोहित पटेल, सुरेश मालवीय एवं जगदीश मीणा की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्ट मनोज जोशी (मक्सी, शाजापुर)
إرسال تعليق