कोचिंग सिटी कोटा से कथित तौर पर अपहृत की गई कोचिंग छात्रा का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है. छात्रा की तलाश में राजस्थान और मध्य प्रदेश की पुलिस जुटी हुई है. लेकिन घटना के आठ दिन बाद भी उसका पता नहीं चल पाया है.छात्रा की अंतिम लोकेशन इंदौर के भंवरकुआं की मिली थी. लेकिन उसके बाद वह वहां भी नहीं मिली. हालांकि छात्रा का अपहरण कर बंधक बनाने और मारपीट कर 30 लाख रुपये की फिरौती मांगने की झूठी कहानी का पुलिस पर्दाफाश कर चुकी है. लेकिन छात्रा अभी तक नहीं लौटी है.
पुलिस के अनुसार छात्रा की तलाश के लिए पुलिस की टीमें दौड़ भाग कर रही है. छात्रा की तलाश में कोटा पुलिस की चार टीमों ने अलग-अलग इलाकों में डेरा डाल रखा है. मध्य प्रदेश पुलिस भी उनकी सहायता कर रही है. छात्रा और उसको ले जाने वाले दोस्तों के संभावित डेरों पर लगातार दबिशें दी जा रही है. फिर भी अभी तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया है.
बीते दिनों एसपी ने कर दिया था केस का खुलासा
छात्रा के कथित अपहरण के मामले का बीते दिनों सिटी एसपी डॉ. अमृता दुहन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुलासा कर दिया था. उन्होंने बताया था कि छात्रा और उसके साथी ने पढ़ाई के लिए विदेश जाने के लिए 30 लाख रुपये की मांग की थी. छात्रा के साथ फिलहाल किसी तरह का कोई अपराध नहीं हुआ है. ना ही उसका कोई अपहरण हुआ. माता पिता से रुपये ऐंठने के लिए छात्रा और उसके साथी ने अपहरण और फिरौती की झूठी कहानी गढ़ी थी.
छात्रा को बरामद करना उनकी पहली प्राथमिकता
कोटा से जाने के बाद छात्रा एक दिन इंदौर में भी रुकी थी. छात्रा के बंधक बनाने वाले जो फोटो सामने आए थे वे भी इंदौर के ही बताए जा रहे हैं. छात्रा के एक साथी को पुलिस ने फिलहाल पूछताछ के लिए पकड़ा था. सिटी एसपी ने छात्रा से अपील की है कि वह सकुशल घर लौट आए. एसपी ने कहा की छात्रा को बरामद करना उनकी पहली प्राथमिकता है. हालांकि छात्रा के बारे में सूचना देने वालों को 20 हजार रुपये का इनाम के देने की घोषणा पहले ही कर दी गई थी. कोटा सहित एमपी पुलिस की टीमों को हालांकि सीसीटीवी फुटेज सहित कई अन्य सुराग हाथ लग चुके हैं लेकिन छात्रा को अभी तक बरामद नहीं किया जा सका है.

Post a Comment